Jhajjar Crime: हरियाणा के औद्योगिक शहर बहादुरगढ़ में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी सेक्टर-6 में देखने को मिली है। यहां बदमाशों ने बेखौफ होकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के जिला उपाध्यक्ष नरेश भारद्वाज की ब्रेजा कार घर के बाहर से ही चोरी कर ली। हैरानी की बात यह है कि इस पूरी वारदात को महज 10 मिनट के भीतर तीन शातिर युवकों ने अंजाम दिया। सुबह-सुबह हुई इस घटना से इलाके के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रोष है, वहीं पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है।
सीसीटीवी में कैद हुई चोरों की करतूत
घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने पर चोरों की शातिर कार्यशैली साफ नजर आई है। गुरुवार तड़के करीब 4 बजे एक क्रेटा कार में सवार होकर तीन संदिग्ध नरेश भारद्वाज के घर के बाहर पहुंचे। उन्होंने पहले आसपास के इलाके की पूरी रेकी की ताकि किसी की नजर न पड़े। इसके बाद उनमें से एक युवक चुपचाप ब्रेजा कार के पास पहुंचा और चालाकी से उसका लॉक खोलकर कुछ ही सेकंड में बोनट से छेड़छाड़ कर उसे स्टार्ट कर लिया। इसके बाद आरोपी अपनी क्रेटा कार और चुराई गई ब्रेजा दोनों को लेकर वहां से रफूचक्कर हो गए।
रिहायशी इलाके की सुरक्षा पर उठे सवाल
जिस पॉश इलाके में बीजेपी नेता का घर है, वहां सुरक्षा गार्ड्स की कोई तैनाती नहीं थी। हालांकि घर के बाहर कैमरे लगे होने के बावजूद चोर आसानी से गाड़ी लेकर फरार होने में कामयाब रहे। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इलाके में पुलिस गश्त न होने के कारण चोरों के हौसले बढ़े हुए हैं। आपको बता दें कि पीड़ित नरेश भारद्वाज पिछले करीब 20 वर्षों से राजनीति में सक्रिय हैं। वे पार्टी में जिला महामंत्री रहने के अलावा बहादुरगढ़ के प्रमुख वार्ड नंबर 21 से नगर परिषद का चुनाव भी लड़ चुके हैं।
जीपीएस ने खोली चोरों की चाल, गाजियाबाद में मिली लोकेशन
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए मामला दर्ज कर लिया। जांच अधिकारियों के लिए सबसे बड़ा मददगार गाड़ी में पहले से इंस्टॉल जीपीएस सिस्टम साबित हुआ। जीपीएस की मदद से पुलिस ने जब कार को ट्रैक किया, तो उसकी लोकेशन उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मिली। पुलिस अब गाजियाबाद पुलिस से संपर्क साधने के साथ-साथ आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द दबोचा जा सके।
यह भी पढ़ें–Sonipat Murder Case: मां की हत्या के मामले में फंसी जानवी बोली- आरोपी के खिलाफ खुद कोर्ट में दूंगी गवाही

