Jind Dussehra Security News: विजयादशमी के पावन अवसर पर जींद जिले में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। शहर से लेकर देहात तक दशहरा मेलों और रामलीला आयोजनों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के सीधे निर्देशों पर पूरे जिले को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 6 डीएसपी और 12 थाना प्रभारियों की अगुवाई में सुरक्षा बल सड़कों पर उतर चुका है। इसके अतिरिक्त करीब 250 पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है ताकि नागरिक बिना किसी खौफ के त्योहार की खुशियां मना सकें।
15 विशेष नाकों पर पैनी नजर, 12 ड्यूटी मजिस्ट्रेट संभालेंगे कमान
सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले रास्तों और शहर की सीमाओं पर 15 विशेष पुलिस नाके स्थापित किए गए हैं। हर नाके पर छह सशस्त्र जवानों की तैनाती रहेगी, जो संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन तलाशी लेंगे। भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों में शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन ने 12 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। दशहरा स्थलों और प्रमुख बाजारों में किसी भी तरह की अव्यवस्था न फैले, इसके लिए यातायात पुलिस को ट्रैफिक डायवर्जन और सुचारू आवागमन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सादी वर्दी में घूमेंगी टीमें, आपात स्थिति के लिए रिजर्व प्लाटून मुस्तैद
मेला स्थलों पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है। असामाजिक तत्वों और जेबकतरों पर पैनी नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी भीड़ के बीच मुस्तैद रहेंगे। वहीं किसी भी अनहोनी या आपात स्थिति से तुरंत निपटने के लिए जींद पुलिस लाइन में एक विशेष प्लाटून को रिजर्व रखा गया है। आयोजन स्थलों के आसपास एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और क्रेन तैनात कर दी गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर पलक झपकते राहत पहुंचाई जा सके।

