Jind News: ‘बृजभूषण गुंडा है, अब सुप्रीम कोर्ट में होगी लड़ाई’; विनेश फोगाट ने खोला मोर्चा

'बृजभूषण गुंडा है, अब सुप्रीम कोर्ट में होगी लड़ाई
Jind News: हरियाणा के जींद जिले की जुलाना सीट से कांग्रेस विधायक और स्टार पहलवान विनेश फोगाट ने एक बार फिर भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष व भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ हुंकार भरी है। मीडिया से बातचीत करते हुए विनेश ने बृजभूषण पर तीखे बाण चलाए और उन्हें सीधे तौर पर ‘गुंडा और बदमाश’ करार दिया। विनेश ने कहा कि बृजभूषण ने अपने रुतबे और पैसों की ताकत पर लगातार लड़कियों का शोषण किया है और उत्तर प्रदेश के गोंडा में लोगों की जमीनों पर अवैध कब्जे जमाए हैं।
पहलवान से नेता बनीं विनेश फोगाट इतने पर ही नहीं रुकीं। उन्होंने मीडिया को भी सलाह दे डाली कि ऐसे इंसान को हद से ज्यादा तवज्जो और इज्जत देना बंद किया जाए। विनेश ने सवाल उठाया कि आखिर किस कमाई और पैसे के दम पर बृजभूषण आज भी उड़नखटोलों (हेलीकॉप्टर) की सवारी कर रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि जब तक बृजभूषण भाजपा के संरक्षण में रहेंगे, पार्टी उनका बचाव करती रहेगी। विनेश ने साफ शब्दों में ऐलान किया कि वह हार मानने वाली नहीं हैं और इस पूरे मामले को अब सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे तक लेकर जाएंगी।
राष्ट्रवाद और आरएसएस पर कड़ा प्रहार, अर्चना गुप्ता के बयान का दिया करारा जवाब
प्रेस वार्ता के दौरान विनेश ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “भाजपा और आरएसएस के लोगों को हमें राष्ट्रवाद या देशभक्ति सिखाने की जरूरत नहीं है। जिन आरएसएस कार्यालयों पर दशकों तक तिरंगा नहीं फहराया गया, आज वही लोग तिरंगा यात्राएं निकालने का नाटक कर रहे हैं, जिसके बाद राष्ट्रीय ध्वज सड़कों पर लोगों के पैरों तले रौंदा जाता है।” उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ विवाद पर दुख जताते हुए विनेश ने पूछा कि क्या इस देश में दलित समाज के शीर्ष नेताओं को सम्मान से जीने और किसी जगह जाने का अधिकार नहीं है?
हरियाणा भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के बयानों पर पलटवार करते हुए विनेश ने कहा कि भाजपा का वक्त अब खत्म होने को है। उन्होंने कहा, “मिट्टी का घड़ा बार-बार चूल्हे पर नहीं चढ़ाया जा सकता, वह एक ही बार काम आता है। भाजपा नेता सिर्फ टीआरपी और पब्लिसिटी हासिल करने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।”
जुलाना में कांग्रेस की बैठक बनी ‘अखाड़ा’, कार्यकर्ताओं ने विनेश को कहा ‘घमंडी’
एक तरफ जहां विनेश फोगाट बाहर विरोधियों पर हमलावर थीं, वहीं दूसरी तरफ अपने ही गढ़ जुलाना में उन्हें कार्यकर्ताओं की तीखी बगावत का सामना करना पड़ा। जींद की जाट धर्मशाला की दूसरी मंजिल पर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए एक बंद कमरे में बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र और सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने पहुंचे थे।
बैठक के दौरान उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब विनेश फोगाट ने कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए घमंड छोड़कर संगठन हित में काम करने की बात कही। इस पर एक नाराज कांग्रेसी कार्यकर्ता अपने स्थान पर खड़ा हो गया और विनेश की आंखों में आंखें डालकर बोल पड़ा— “मैडम, सबसे ज्यादा घमंड तो आप में ही भरा पड़ा है।” इसके बाद बैठक का माहौल काफी गरमा गया और कार्यकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली। कार्यकर्ताओं के उग्र तेवरों को देखते हुए विनेश ने सफाई दी कि वह पार्टी के किसी गुटबाजी का हिस्सा नहीं हैं और उनका एकमात्र मकसद कांग्रेस को मजबूत बनाना है।
यह भी पढ़ें– कुरुक्षेत्र में 3.15 करोड़ की डकैती के आरोपियों और पुलिस में मुठभेड़, दोनों बदमाशों की टांगों में लगी गोली
