Kaithal Cyber Fraud: कैथल जिले के सिरटा गांव में साइबर अपराध की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां एक किसान शातिर ठगों का शिकार बन गया। पीड़िता को झांसे में लेने के लिए जालसाज ने वही तरीका अपनाया, जो आजकल साइबर अपराधी धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे हैं—’रिश्तेदार की फर्जी डीपी’। पीड़ित किसान अजय मलिक के व्हाट्सएप पर जब अनजान नंबर से कॉल आई, तो उस पर उनके विदेश में रहने वाले ममेरे भाई की तस्वीर लगी थी। इसी एक तस्वीर के सहारे ठग ने ऐसा मायाजाल बुना कि किसान को लाखों रुपये का फटका लग गया।
19 लाख जमा करने की भेजी फर्जी रसीद, ऐसे जीता भरोसा
पीड़ित अजय मलिक ने साइबर थाने में दी शिकायत में बताया कि बीते 3 अक्टूबर को उनके पास एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। प्रोफाइल पर उनके बुआ के लड़के दिव्यांशु की फोटो लगी हुई थी, जो इन दिनों ऑस्ट्रेलिया में रहता है। फोटो देखते ही अजय को लगा कि उनका भाई ही बात कर रहा है। कॉल करने वाले ने बड़े शातिराना अंदाज में कहा कि वह उनके बैंक खाते में 19 लाख 15 हजार रुपये भेज रहा है और भारत लौटने पर यह रकम वापस ले लेगा। बात खत्म होने के कुछ ही देर में ठग ने व्हाट्सएप पर एक रसीद भेजी, जिसमें रकम जमा होने का दावा था और कहा गया कि 48 घंटे में पैसा क्रेडिट हो जाएगा।
ऑपरेशन और इमरजेंसी का बहाना बनाकर दो बार में उड़ाए रुपये
नकली रसीद के जरिए भरोसा जीतने के बाद जालसाज ने अपना असली खेल शुरू किया। उसने अजय को दोबारा फोन कर कहा कि उसके एक दोस्त की पत्नी का अर्जेंट ऑपरेशन होना है और उसे तुरंत 4 लाख रुपये की जरूरत है। इसके थोड़ी ही देर बाद प्रभात कुमार मिश्रा नाम के एक शख्स का फोन आया, जिसने खुद को मरीज का तीमारदार बताया। अजय ने बिना ज्यादा सोच-विचार किए आरोपी के बताए खाते में 4 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठग का पेट यहीं नहीं भरा, 5 अक्टूबर को उसने एक दूसरे बैंक खाते का ब्योरा देकर 4 लाख रुपये और ऐंठ लिए।
और पैसों की मांग पर हुआ शक, साइबर पुलिस जांच में जुटी
जब 8 लाख रुपये ठगने के बाद भी आरोपी की तरफ से और पैसों की मांग की जाने लगी, तब जाकर अजय को गड़बड़ी की आशंका हुई। उन्होंने जब बैंक और अन्य माध्यमों से पड़ताल की, तब साफ हुआ कि 19 लाख रुपये की रसीद पूरी तरह फर्जी थी और वे ठगी का शिकार हो चुके हैं। साइबर थाना कैथल के जांच अधिकारी साहिल कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उन बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की डिटेल खंगाल रही है, जिनका इस्तेमाल इस ठगी में हुआ है।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में झमाझम बारिश से लुढ़का पारा

