Kaithal Fraud News: हरियाणा के कैथल जिले में प्रॉपर्टी के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सेक्टर 21 स्थित एक महंगे प्लॉट का सौदा कर जालसाजों ने एक कारोबारी दंपत्ति से 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए। ठगों ने न केवल रकम हड़पी, बल्कि हुडा (HSVP) विभाग को गुमराह कर फर्जी शपथ पत्र के जरिए ट्रांसफर परमिशन भी रद्द करा दी। पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए कैथल पुलिस की इकोनॉमिक सेल ने सेक्टर 19 निवासी लक्ष्य नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इकरारनामे के बाद ऐंठे करोड़ों, शक होने पर खुला जालसाजी का राज
पूरा मामला सेक्टर 20 निवासी अभिषेक गुप्ता की शिकायत पर सामने आया। अभिषेक के अनुसार सेक्टर 19 के रहने वाले स्नेहलता, सुनील कुमार और ऋषभ ने डीलरों के माध्यम से उनसे व उनकी पत्नी निशि गोयल से संपर्क किया था। आरोपियों ने सेक्टर 21 स्थित अपना एक प्लॉट 3 करोड़ 50 लाख रुपये में बेचने का सौदा तय किया और लिखित इकरारनामा भी किया। झांसे में लेकर आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में कुल 1.22 करोड़ रुपये ले लिए। भरोसा जीतने के लिए उन्होंने एचएसवीपी विभाग से निशि गोयल के नाम ट्रांसफर परमिशन भी जारी करवा दी थी।
फर्जी हलफनामे से रद्द कराई परमिशन, पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
लाखों रुपये वसूलने के बाद जब आरोपी रजिस्ट्री कराने में टालमटोल करने लगे, तो पीड़ित दंपत्ति को उनकी नीयत पर शक हुआ। अभिषेक गुप्ता ने जब हुडा विभाग के दफ्तर जाकर पड़ताल की, तो उनके होश उड़ गए। आरोपियों ने उनकी पत्नी निशि गोयल के नाम से एक कथित फर्जी बयान हलफिया (शपथ पत्र) जमा करवाकर जारी हुई ट्रांसफर परमिशन को रद्द करवा दिया था। पीड़ित का साफ कहना है कि उनकी पत्नी ने ऐसा कोई कागजात साइन नहीं किया था। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उन्हें सीधे जान से मारने की धमकियां दीं।
इकोनॉमिक सेल ने आरोपी लक्ष्य को दबोचा, बाकी सहयोगियों की तलाश तेज
शिकायत मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज किया। केस की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच इकोनॉमिक सेल को सौंपी गई। सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश की अगुवाई में एएसआई सुरेंद्र की टीम ने दबिश देकर फर्जीवाड़े में शामिल आरोपी लक्ष्य (निवासी सेक्टर 19, कैथल) को धर दबोचा। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि बाकी फरार आरोपियों का सुराग लगाया जा सके और ठगी की रकम बरामद की जा सके।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में 8 से 13 अक्टूबर तक बारिश का अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

