Kaithal Grain Market Incident: कैथल की जाखौली अड्डा स्थित नई अनाज मंडी में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। धान के मौजूदा सीजन में पेट पालने की खातिर बिहार से कैथल आए एक प्रवासी मजदूर की दुकान की छत से गिरकर मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी 30 वर्षीय कमलेश कुमार के तौर पर हुई है। कमलेश मंडी की ही एक दुकान पर धान की आवक से जुड़े काम में लगा हुआ था।
दिनभर की कड़ी मजदूरी के बाद छत पर सोने गया था युवक
जानकारी के मुताबिक, धान का सीजन चरम पर होने की वजह से मंडी में इन दिनों भारी काम चल रहा है। दिनभर हाड़तोड़ मेहनत करने के बाद थका-हारा कमलेश रात के समय सोने के लिए आढ़त की दुकान की छत पर चला गया था। अंदेशा जताया जा रहा है कि देर रात नींद में अचानक संतुलन बिगड़ने या पैर फिसलने के कारण वह सीधे छत से नीचे आ गिरा।
सिर के बल पक्के फर्श पर गिरा मजदूर, मौके पर ही टूटी सांसें
शुक्रवार सुबह जब आसपास के लोग और अन्य मजदूर वहां से गुजरे तो उन्होंने खून से लथपथ शव पड़ा देखा। दुकान के नीचे का फर्श पक्का सीमेंटेड था और कमलेश सीधे सिर के बल गिरा था। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अनाज मंडी पुलिस चौकी को दी।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, परिजनों को भेजी गई सूचना
सूचना मिलते ही अनाज मंडी पुलिस चौकी के इंचार्ज जयपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि नीचे फर्श पक्का होने की वजह से सिर में गहरी चोट आई, जो मौत का कारण बनी। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है। मामले में इत्तेफाकिया (हादसा) मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है और बिहार में रह रहे मृतक के परिजनों को हादसे की इत्तिला दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में 9 से 14 अक्टूबर के बीच बारिश के आसार, जानें आपके जिले का हाल

