Kaithal Khanpur Crop Portal Fraud: कैथल में नूंह के 10 लोगों ने किसानों की जमीन पर ऐंठी 1.10 लाख की सरकारी सब्सिडी, 10 ठगों पर FIR
कैथल में नूंह के 10 लोगों ने किसानों की जमीन पर ऐंठी 1.10 लाख की सरकारी सब्सिडी
Kaithal Khanpur Crop Portal Fraud: सरकारी पोर्टल और डिजिटल व्यवस्थाओं में सेंध लगाकर फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह अब गांवों तक अपने पैर पसार चुके हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला कैथल जिले के गांव खानपुर से सामने आया है, जहां नूंह जिले के 10 शातिर ठगों ने कागजों में ऐसा खेल रचा कि हर कोई हैरान रह गया। आरोपियों ने खानपुर गांव के किसानों की उपजाऊ जमीन को ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर फर्जी तरीके से पंजीकृत करा लिया और सरकार की जल संरक्षण योजना ‘मेरा पानी-मेरी विरासत’ के तहत मिलने वाली 1,10,050 रुपये की सब्सिडी हड़प ली।
मामले की परतें तब खुलीं जब जींद सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम ने इस मामले की गहन जांच की। जांच में भ्रष्टाचार और साइबर धोखाधड़ी की पुष्टि होने के बाद सीवन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ऐसे रचा गया फर्जीवाड़े का पूरा जाल
सीएम फ्लाइंग जींद के सब-इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह द्वारा दी गई शिकायत के मुताबिक, धोखाधड़ी को अंजाम देने वाले सभी 10 आरोपी नूंह जिले के पुन्हाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान मोहम्मद, याशिर, अशगरी, अकबर खान, शोकीन, तसलीम, तालिब, अरमान, दीनमोद और जसमीन के रूप में हुई है।
आरोपियों ने वर्ष 2025 के दौरान कैथल के खानपुर गांव के असली किसानों की जमीन पर कपास और बाजरा फसल का फर्जी इंदराज (एंट्री) ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर दर्ज कराया। इसके बाद योजना का गलत फायदा उठाते हुए राज्य सरकार द्वारा पानी बचाने के लिए दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि को अपने-अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिया। मजेदार बात यह है कि राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार खानपुर गांव में इन आरोपियों के नाम एक इंच जमीन भी पंजीकृत नहीं है।
इन किसानों की जमीन पर डाका
शातिर ठगों ने गांव खानपुर के किसान धर्मपाल, जयभगवान, कर्मबीर, सतबीर उर्फ सुनील, जगमेल, बलबीर, गीता, पूजा, संजू, गोलो देवी और छोटी की कृषि योग्य भूमि के खसरा-खतौनी नंबरों का गलत इस्तेमाल किया। जब असली किसानों ने पोर्टल पर अपनी फसल का पंजीकरण कराने का प्रयास किया या योजना के ब्योरे की पड़ताल की, तब इस फर्जीवाड़े की भनक लगी।
पुलिस जांच शुरू, सख्त कार्रवाई का दावा
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीवन थाना एसएचओ मुकेश रानी ने बताया कि सीएम फ्लाइंग की शिकायत के आधार पर नूंह निवासी 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में धोखाधड़ी (420) और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसएचओ ने कहा कि पुलिस टीम यह भी खंगाल रही है कि क्या इस गिरोह में कोई स्थानीय सीएससी (CSC) सेंटर संचालक या कृषि विभाग का कर्मचारी शामिल था या नहीं। जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें– कुरुक्षेत्र में बंदी सिखों की रिहाई की मांग तेज, बंदी सिखों की रिहाई को लेकर सौंपा जाएगा ज्ञापन
