Kaithal medical college accident: कैथल के सांपली खेड़ी में बन रहे भगवान परशुराम मेडिकल कॉलेज के निर्माण स्थल पर शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां काम करने वाले एक मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सीढ़ियों से गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हुए उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी पेंटर धर्मराज (33) की मौके पर ही मौत हो गई। वह पिछले करीब एक महीने से यहां पेंटिंग का काम कर रहा था। हादसे की खबर मिलते ही कैथल सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
शौच के बाद बेसमेंट की ओर गया था धर्मराज
पुलिस को दी शिकायत में मृतक की पत्नी गीता ने बताया कि उनके पति धर्मराज मेडिकल कॉलेज परिसर में ही अन्य मजदूरों के साथ रह रहे थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे सभी मजदूर खाना खाकर सो गए थे। शनिवार तड़के करीब 4 बजे धर्मराज शौच के लिए उठे और वापस आकर साथियों के पास बैठ गए। इसके कुछ देर बाद वह टहलते हुए अकेडमी ब्लॉक की तरफ चले गए। सुबह करीब 8:30 बजे जब अन्य मजदूरों ने अकेडमी ब्लॉक के बेसमेंट की सीढ़ियों के पास देखा तो वहां धर्मराज लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था।
सिर में आई गंभीर चोट
बेसमेंट की सीढ़ियों से गिरने के कारण धर्मराज के सिर में गहरी और गंभीर चोट आई थी, जिससे अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। परिजनों और साथी मजदूरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया और शव को तुरंत नागरिक अस्पताल कैथल में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
मामले के बारे में जानकारी देते हुए सदर थाना एसएचओ कुलदीप देशवाल ने बताया कि प्राथमिक जांच और चश्मदीदों के बयानों से यह हादसा सीढ़ियों से फिसलकर गिरने का लग रहा है। मृतक की पत्नी गीता के दर्ज बयानों के आधार पर पुलिस ने इत्तेफाकिया कार्रवाई (इत्तेफाकिया मौत) दर्ज कर ली है। अस्पताल में डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा पोस्टमॉर्टम कराए जाने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
यह भी देखें – हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, 9 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी

