October 1, 2026

Kaithal News: केस से नाम निकालने के मांगे थे 40 हजार, कोर्ट में रिश्वतखोर SI को आज पेश करेगी ACB

0
Kaithal News: केस से नाम निकालने के मांगे थे 40 हजार, कोर्ट में रिश्वतखोर SI को आज पेश करेगी ACB

केस से नाम निकालने के मांगे थे 40 हजार

Kaithal News: हरियाणा के कैथल जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) को बड़ी सफलता मिली है। कैथल की एसीबी टीम ने सिविल लाइन थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपी सब इंस्पेक्टर ने एक मुकदमे से पीड़ित युवक का नाम बाहर निकालने की एवज में 40 हजार रुपये की मांग की थी। एसीबी ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाकर आरोपी पुलिस अधिकारी को थाने के भीतर ही घूस की रकम के साथ रंगे हाथ काबू कर लिया।

24 सितंबर के झगड़े के केस में फंसाने की दी थी धमकी

पूरा मामला 24 सितंबर का है, जब कैथल के देवीगढ़ रोड स्थित सुभाष नगर क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस मामले की जांच सिविल लाइन थाना के सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार के पास थी। शिकायतकर्ता सुभाष नगर निवासी साहिल कुमार का आरोप है कि झगड़े के इस मामले में उसका कोई लेना-देना नहीं था, लेकिन सब इंस्पेक्टर ने जबरन जांच में उसका नाम शामिल कर दिया। इसके बाद आरोपी एसआई ने साहिल से केस से नाम हटाने और कार्रवाई से बचाने के बदले 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।

एसीबी ने बिछाया जाल, ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने हुई कार्रवाई

रिश्वत मांगने की बात से परेशान होकर पीड़ित साहिल कुमार ने सीधा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) कैथल कार्यालय का रुख किया और इंस्पेक्टर सूबे सिंह को पूरी आपबीती बताई। शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद एसीबी टीम ने आरोपी सब इंस्पेक्टर को बेनकाब करने के लिए जाल बिछाया। प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार को इस कार्रवाई के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया।

योजना के मुताबिक साहिल को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 25 हजार रुपये देने के लिए सिविल लाइन थाने भेजा गया। जैसे ही आरोपी सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने साहिल से 25 हजार रुपये की रकम थामी, आसपास मुस्तैद एसीबी की टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

कोर्ट में पेश करने की तैयारी, जांच जारी

एसीबी कैथल के इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायतकर्ता की सूचना पर पूरी पारदर्शिता के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में यह रेड की गई है। आरोपी के पास से रिश्वत के रंग लगे नोट बरामद कर लिए गए हैं। एसीबी की टीम आरोपी सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और उसे न्यायालय में पेश करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस विभाग के भीतर ही हुई इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।

यह भी पढ़ें–  हरियाणा में थमा बारिश का दौर, अगले 7 दिन शुष्क रहेगा मौसम, महेंद्रगढ़ में पारा 35 पार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed