August 8, 2026

Kaithal News: कैथल में ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 15.69 लाख की ठगी, वियतनाम में दी फर्जी टिकट, बेटे को दी जान से मारने की धमकी

0
Kaithal News: कैथल में ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 15.69 लाख की ठगी, वियतनाम में दी फर्जी टिकट, बेटे को दी जान से मारने की धमकी

कैथल में ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 15.69 लाख की ठगी, वियतनाम में दी फर्जी टिकट

Kaithal News: हरियाणा के युवाओं में विदेश जाने की चाहत का फायदा उठाकर ठगी करने वाले गिरोहों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। कैथल शहर से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ जीरकपुर (पंजाब) के एक तथाकथित ट्रैवल एजेंट ने बीटेक के छात्र को ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई और नौकरी दिलाने का झांसा देकर 15 लाख 69 हजार रुपये ऐंठ लिए। पैसों की उगाही के बाद आरोपी ने छात्र को बैंकॉक और वियतनाम भेज दिया, जहाँ फर्जी टिकट थमाकर उसे दर-दर भटकने पर मजबूर कर दिया गया।

इंटरनेट से रिज्यूम निकालकर बुना ठगी का जाल

सुभाष नगर निवासी पीड़ित पिता परमजीत ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा हर्षित बीटेक कर रहा है। मार्च 2026 में उसके मोबाइल पर जीरकपुर निवासी आकाश गुप्ता नामक शख्स का फोन आया। आरोपी ने दावा किया कि उसने इंटरनेट पर हर्षित का रिज्यूम देखा है और वह युवाओं को ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में दाखिले के साथ वर्क परमिट दिलाता है। आरोपी ने 17 लाख रुपये में पूरा सौदा तय किया और झांसे में लेकर परिजनों से अलग-अलग किस्तों में 15.69 लाख रुपये हड़प लिए।

दो बार बैंकॉक भेजा, वियतनाम में दी नकली टिकट

आरोपी ने 30 मार्च को हर्षित को बैंकॉक भेज दिया, लेकिन फीस जमा न करने के कारण सात अप्रैल को छात्र को खाली हाथ भारत लौटना पड़ा। इसके बाद जून इनटेक का बहाना बनाकर 18 मई को दोबारा दिल्ली से बैंकॉक और फिर वहां से वियतनाम भेज दिया गया। वियतनाम पहुँचने पर जब छात्र को ऑस्ट्रेलिया की फ्लाइट टिकट दी गई तो जांच के दौरान वह फर्जी पाई गई, जिससे छात्र की आगे की यात्रा रुक गई।

शिकायत करने पर दी बेटे को विदेश में मरवाने की धमकी

जब परिजनों को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने जीरकपुर के एजेंट आकाश गुप्ता से अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी अपनी असली रंगत पर उतर आया। उसने धमकी दी कि हर्षित विदेश में उसके गिरोह के लोगों के कब्जे में है, यदि पुलिस में शिकायत की तो उसे वियतनाम में ही जान से मरवा दिया जाएगा। घबराए परिजनों ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर और मशक्कत करके अपने बेटे को वापस भारत बुलाया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी तेग सिंह ने बताया कि पीड़ित पिता की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी आकाश गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

यह भी पढ़ें– यमुना एक्शन प्लान पर हरियाणा सरकार का सख्त निर्देश, 31 दिसंबर 2027 तक पूरे होंगे सभी STP और CETP प्रोजेक्ट्स

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed