Kaithal News: कैथल जिले के तितरम थाना क्षेत्र के एक गांव में करीब 13 वर्षीय किशोरी को सोशल मीडिया पर परेशान करने और छेड़खानी का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में गांव के ही दो आरोपियों पर इंस्टाग्राम के जरिए अश्लील मैसेज भेजने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज भेजने का आरोप
किशोरी के पिता के अनुसार, उनकी बेटी गांव के पास स्थित एक स्कूल में पढ़ती है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांव के ही दो युवकों ने 8 सितंबर को किशोरी के साथ छेड़खानी की। इसके बाद वे उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर अश्लील मैसेज भेजने लगे। पिता का कहना है कि आरोपी बार-बार मैसेज भेजकर उनकी बेटी को परेशान कर रहे थे। जब किशोरी ने इस बारे में परिवार को बताया तो परिजनों ने मामले का विरोध करने का फैसला किया।
विरोध करने पर परिवार को धमकाने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, किशोरी के परिजन आरोपियों के घर उलाहना देने पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान दोनों आरोपियों ने किशोरी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। किशोरी के पिता ने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में सोशल मीडिया के जरिए लगातार परेशान किए जाने की बात भी कही गई है।
तितरम थाना पुलिस ने दर्ज किया केस
तितरम थाना के एसएचओ वेदपाल ने बताया कि मामले में पुलिस को शिकायत मिली है। इसके आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एसएचओ के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में सीजन के पहले कोहरे की दस्तक, बारिश के बाद सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड

