September 19, 2026

Kaithal Rape Case Extortion: कैथल में रेप केस में समझौते के नाम पर 3 लाख की उगाही, पुलिस ने महिला समेत 3 को किया गिरफ्तार

0
Kaithal Rape Case Extortion: कैथल में रेप केस में समझौते के नाम पर 3 लाख की उगाही, पुलिस ने महिला समेत 3 को किया गिरफ्तार

कैथल में रेप केस में समझौते के नाम पर 3 लाख की उगाही, पुलिस ने महिला समेत 3 को किया गिरफ्तार

Kaithal Rape Case Extortion: हरियाणा के कैथल जिले में कानून को धत्ता बताकर दुष्कर्म (Rape) के मुकदमे में सांठगांठ और मोटी रकम ऐंठने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ( Anti-Vehicle Theft Staff) और एंटी नारकोटिक्स सेल (Anti-Narcotics Cell) ने कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म का केस दर्ज कराने वाली महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य साजिशकर्ता पप्पू, मटौर गांव का रहने वाला कृष्ण और शिकायतकर्ता महिला मोनिका शामिल हैं। इन पर आरोप है कि इन्होंने केस रफा-दफा करने के नाम पर 3 लाख रुपये ले लिए और फिर और पैसों की मांग करते हुए आरोपी को 10 साल की सजा कराने की धमकी दी।

जेल की सलाखों के पीछे रची गई थी समझौते की पटकथा

एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ के प्रभारी सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि इस पूरी साजिश की नींव जेल के भीतर पड़ी थी। 31 दिसंबर 2025 को मोनिका ने सिविल लाइन थाने में अनिल नाम के व्यक्ति पर दुष्कर्म का पर्चा दर्ज कराया था, जिसके बाद पुलिस ने अनिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जेल में अनिल की मुलाकात हत्या के केस में बंद पप्पू से हुई। पप्पू ने अनिल को भरोसा दिलाया कि वह बाहर निकलकर मामला पैसों में निपटा देगा। जमानत पर रिहा होने के बाद पप्पू ने महिला के रिश्तेदार कृष्ण को साथ लिया और अनिल के परिजनों से सौदेबाजी शुरू कर दी।

कोर्ट परिसर में 3 लाख का लेन-देन, फिर दी सजा कराने की धमकी

जांच में सामने आया कि 15 सितंबर को कैथल अदालत परिसर में ही समझौते के नाम पर 3 लाख रुपये की रकम ली गई। आरोप है कि यह रकम पप्पू ने अपने पास रख ली और महिला को हिस्सा नहीं दिया, जिसके बाद दोबारा और पैसों की मांग की जाने लगी। पैसे न देने पर अनिल को सख्त सजा दिलाने की धमकियां दी जाने लगीं। इसी दौरान पप्पू ने पूरे खेल की कॉल रिकॉर्डिंग भी कर ली थी, जिससे वह विजिलेंस के जरिए पुलिसकर्मियों को भी फंसाने की योजना बना रहा था।

अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी पुलिस

नाटकीय ढंग से सामने आए इस गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस (Civil Lines Police Station) की हेड कांस्टेबल सुदेश और एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस अधिकारियों (Police officers) का कहना है कि तीनों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान ऐंठे गए 3 लाख रुपये की बरामदगी, कॉल रिकॉर्डिंग (Call recording) के साक्ष्य जुटाने और पूरे नेक्सस में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की गहनता से तफ्तीश (Investigation) की जाएगी।

यह भी पढ़ें– हरियाणा से मानसून की विदाई शुरू, 20 सितंबर से शुष्क रहेगा मौसम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed