Kaithal Sadhu Attack: कैथल में साधु पर गंडासी से जानलेवा हमला, देर रात दरवाजा तोड़कर घुसे 5 नकाबपोश, हालत गंभीर
कैथल में साधु पर गंडासी से जानलेवा हमला, देर रात दरवाजा तोड़कर घुसे 5 नकाबपोश
Kaithal Sadhu Attack: कैथल जिले के डयोडखेड़ी गांव में बीती मध्य रात्रि साधु-संतों के आपसी विवाद में खूनी खेल खेला गया। गांव के डेरे में सो रहे साधु दयादास पर पांच नकाबपोश बदमाशों ने गंडासी, लाठियों और जेलियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावर रात के अंधेरे में कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए थे। इस जानलेवा हमले में साधु के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जिसके बाद सुबह ग्रामीणों ने खून से लथपथ साधु को कैथल के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया।
गोचरान की 3 एकड़ जमीन को लेकर गहराया विवाद
अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे साधु दयादास ने होश में आने के बाद पुलिस को आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि रात करीब एक बजे मुंह पर कपड़ा बांधकर आए पांच बदमाशों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। गंडासी के वार से वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गए थे। साधु दयादास का सीधा आरोप है कि इस हमले के पीछे गांव के ही दो अन्य साधुओं—शांतिदास और बालादास का हाथ है। उन्होंने बताया कि गांव में गोचरान के लिए मिली तीन एकड़ जमीन को लेकर उनका शांतिदास के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है।
“पहले भी दो बार हो चुका है हमला, गांव से भगाने की साजिश”
पीड़ित साधु ने दावा किया कि उस जमीन से बेदखल करने और गांव से भगाने की नीयत से उन पर पहले भी दो बार जानलेवा हमले करवाए जा चुके हैं। आरोपियों की मंशा उन्हें डरा-धमकाकर वहां से खदेड़ने की है, ताकि गोचरान की जमीन पर कब्जा किया जा सके। साधु दयादास ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि हमलावरों और इसके पीछे की साजिश रचने वाले साधुओं को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने शुरू की तफ्तीश, आरोपियों की तलाश तेज
वारदात की सूचना मिलते ही तितरम थाना पुलिस की टीम हरकत में आ गई है। मामले की जानकारी देते हुए एसएचओ वेदपाल ने बताया कि पीड़ित साधु के बयानों और मिली शिकायत के आधार पर पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल अस्पताल में साधु का इलाज करवा रही है और गांव में जाकर घटनास्थल का मुआयना किया गया है। एसएचओ का कहना है कि प्राथमिक जांच में जमीन विवाद की बात सामने आ रही है, जांच के दौरान जो भी तथ्य निकलकर आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें– हरियाणा के 2337 होनहार छात्रों को मिलेंगे 48 हजार रुपये, NMMS छात्रवृत्ति के लिए आवेदन शुरू
