Kaithal travel agent fraud: विदेश जाकर सुनहरे भविष्य के सपने देख रहे युवाओं को ठगने वाले ‘कबूतरबाजों’ का जाल हरियाणा में थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कैथल जिले के भालंग गांव से सामने आया है, जहां एक युवक को ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर जालंधर के फर्जी ट्रैवल एजेंट ने 15 लाख रुपये ऐंठ लिए। हद तो तब हो गई जब मोटी रकम वसूलने के बाद आरोपी ने युवक को जो वीजा और हवाई जहाज का टिकट थमाया, वह पूरी तरह फर्जी निकला। पीड़ित के पिता की शिकायत पर राजौंद थाना पुलिस ने आरोपी एजेंट के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर दोस्ती, कैथल के पार्क में तय हुआ 20 लाख का सौदा
राजौंद थाने में दी गई शिकायत में भालंग गांव के रहने वाले सेवा सिंह ने बताया कि उनका बेटा रविंद्र उच्च शिक्षा और रोजगार के लिए विदेश जाना चाहता था। इसी दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रविंद्र का संपर्क पंजाब के जालंधर (अमन नगर) निवासी विक्की नाम के व्यक्ति से हुआ। विक्की ने खुद को एक नामी विदेश भेजने वाली एजेंसी का संचालक बताया। बातचीत आगे बढ़ी तो विक्की ने अगस्त 2024 में परिजनों को बातचीत के लिए कैथल के ट्रैफिक पार्क में बुलाया। वहां आरोपी ने दावा किया कि वह रविंद्र को ऑस्ट्रेलिया का ‘फैमिली वीजा’ दिलवा देगा और इसके एवज में 20 लाख रुपये की मांग रखी।
धीरे-धीरे ऐंठे 15 लाख रुपये, हाथ लगा फर्जी वीजा
एजेंट की चिकनी-चुपड़ी बातों में आकर पीड़ित परिवार ने उसी समय 5 लाख रुपये नकद और रविंद्र के असली पासपोर्ट सहित जरूरी कागजात उसके हवाले कर दिए। आरोपी विक्की ने एक महीने के भीतर वीजा दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बाद वह काम आगे बढ़ाने और विभिन्न प्रक्रिया का बहाना बनाकर किस्तों में कुल 15 लाख रुपये ऐंठ चुका था। जब विक्की ने उन्हें वीजा और टिकट लाकर दिया, तो परिजनों को कुछ शक हुआ। जब उन्होंने संबंधित ट्रेवल एजेंसी और ऑनलाइन पोर्टल पर जांच कराई तो पता चला कि वीजा और टिकट पूरी तरह से फर्जी हैं।
फोन उठाना किया बंद, पुलिस खंगाल रही आरोपी का ठिकाना
जब पीड़ित परिवार ने आरोपी विक्की से फर्जीवाड़े का विरोध जताया, तो वह शुरुआत में पैसे ब्याज सहित वापस लौटाने का झूठा आश्वासन देता रहा। लेकिन कुछ समय बाद उसने पीड़ित परिवार के फोन कॉल रिसीव करने बंद कर दिए और अपना ठिकाना बदल लिया। खुद को ठगा महसूस कर पीड़ित पिता ने आखिरकार पुलिस का दरवाजा खटखटाया। राजौंद थाना के जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी विक्की के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक टीम आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें– रोहतक में शातिर चोरों का कारनामा, परचून की दुकान से 3 हजार का सामान लेकर स्कॉर्पियो में भागे युवक

