September 30, 2026

Karnal Firecrackers Raid: असंध के जलमाना में अवैध पटाखा फैक्ट्री पर छापा, घनी आबादी के बीच बन रहा था बारूद; 5 हिरासत में

0
Karnal Firecrackers Raid: असंध के जलमाना में अवैध पटाखा फैक्ट्री पर छापा, घनी आबादी के बीच बन रहा था बारूद; 5 हिरासत में

असंध के जलमाना में अवैध पटाखा फैक्ट्री पर छापा, घनी आबादी के बीच बन रहा था बारूद; 5 हिरासत में

Karnal Firecrackers Raid: आगामी त्योहारों (दशहरा व दिवाली) को देखते हुए करनाल पुलिस ने अवैध पटाखों के कारोबार के खिलाफ अपनी नकेल कसना शुरू कर दिया है। जिले के असंध विधानसभा क्षेत्र के जलमाना (Karnal Police Illegal Firecrackers Raid) कस्बे में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर घनी आबादी वाले इलाके में चल रही एक अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। डीएसपी असंध गोरखपाल राणा की अगुवाई में हुई इस त्वरित कार्रवाई से अवैध आतिशबाजी बनाने वाले कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में बनकर तैयार हुए पटाखे और उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाला रासायनिक विस्फोटक व कच्चा सामान जब्त किया है। साथ ही मौके पर मौजूद 5 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।

घनी आबादी के बीच बिछा था ‘बारूद’, मंडरा रहा था बड़े हादसे का साया

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी गोरखपाल राणा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जलमाना के एक रिहायशी मकान में बिना किसी वैध लाइसेंस या अनुमति के अवैध रूप से बारूद से पटाखे तैयार किए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर मकान पर अचानक दबिश दी।

डीएसपी ने बताया, “जिस मकान में यह खतरनाक काम चल रहा था, उसके पास न तो जिला मजिस्ट्रेट की इजाजत थी और न ही कोई सुरक्षा इंतजाम। सबसे डरावनी बात यह है कि यह यूनिट पूरी तरह रिहायशी इलाके के बीचों-बीच चलाई जा रही थी। अगर जरा सी भी चूक या चिंगारी लगती, तो पूरा मोहल्ला इसकी चपेट में आ सकता था। बड़ी जनहानि की आशंका को देखते हुए तुरंत परिसर को सील कर सामान कब्जे में लिया गया है।”

बंद मकान, गोदाम और पोल्ट्री फार्म भी अब पुलिस के रडार पर

त्योहारी सीजन में हादसों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि उनकी निगरानी सिर्फ शहर के मुख्य बाजारों और दुकानों तक सीमित नहीं रहेगी। (Haryana Police Festival Safety Drive) ग्रामीण और बाहरी इलाकों में स्थित बंद पड़े मकानों, पुराने गोदामों और पोल्ट्री फार्मों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है, जहां चोरी-छिपे आतिशबाजी का भंडारण या निर्माण किया जाता है।

पुलिस ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि बिना अथॉरिटी के लाइसेंस के पटाखों का निर्माण, भंडारण या बिक्री करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ आपराधिक मामलों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जलमाना में हुई यह कार्रवाई जिले भर के अवैध कारोबारियों के लिए एक कड़ा संदेश मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें– फरीदाबाद में सड़क पर बेकाबू हुआ लोगों का गुस्सा, हॉर्न बजाने पर कैब चालक की पीट-पीटकर बनाई हालत खराब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed