करनाल। करनाल में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जारी अभियान के तहत देर रात CIA-2 की टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बजीदा रोड पर पुलिस और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच हुई आमने-सामने की मुठभेड़ में दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस दौरान हुई जबरदस्त फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इनके पास से जो जखीरा बरामद किया है, उसने सुरक्षा एजेंसियों के भी कान खड़े कर दिए हैं।
गुप्त सूचना पर घेराबंदी और फिर दनादन फायरिंग
मुठभेड़ की जानकारी देते हुए डीएसपी राखी विश्वकर्मा ने बताया कि पुलिस को इन बदमाशों की मूवमेंट के बारे में सटीक इनपुट मिला था। सीआईए-2 की टीम ने बजीदा रोड पर घेराबंदी कर बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। अपनी रक्षा और अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। अंधेरे का फायदा उठाकर भाग रहे बदमाशों के पैरों में गोली लगने के बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
100 गोलियां और विदेशी हथियार: बड़ी वारदात की थी तैयारी
तलाशी के दौरान बदमाशों के कब्जे से दो अत्याधुनिक विदेशी हथियार और करीब 100 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इतनी भारी मात्रा में गोलियों का मिलना इस बात की तस्दीक करता है कि ये किसी साधारण छिनैती नहीं, बल्कि किसी बड़ी हत्याकांड या सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि ये हथियार और कारतूस इनके पास कहां से आए और इनका अगला टारगेट कौन था।
जांच के घेरे में गैंग का नेटवर्क
डीएसपी ने स्पष्ट किया कि घायल बदमाशों की हालत फिलहाल स्थिर है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि इन दोनों के पकड़े जाने से करनाल और आसपास के जिलों में सक्रिय किसी बड़े गैंग का पर्दाफाश हो सकता है। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस की कई टीमें इनके संपर्कों को खंगाल रही हैं।

