Karnal Road Accident: करनाल में बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने महिला को कुचला, स्कूल की दीवार तोड़कर रुका वाहन
करनाल में बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने महिला को कुचला, स्कूल की दीवार तोड़कर रुका वाहन
Karnal Road Accident: हरियाणा के करनाल में रफ्तार के कहर और लापरवाही ने एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। दफ्तरों और घरों में काम पर निकलने की सुबह एक परिवार के लिए जिंदगी भर का गम दे गई। कैलाश गांव के पास सरकारी स्कूल के शेड के नीचे ई-रिक्शा का इंतजार कर रही 40 वर्षीय महिला को पराली से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बेरहमी से कुचल दिया। हादसा इतना खौफनाक था कि महिला की मौके पर ही सांसें थम गईं, वहीं बेकाबू ट्रैक्टर स्कूल की पक्की दीवार को तोड़ता हुआ अंदर जा घुसा।
मृतका की पहचान गांव कैलाश की रहने वाली रीटा (40) के रूप में हुई है। रीटा मेहनत-मजदूरी और लोगों के घरों में झाड़ू-पोछा करके अपने चार बच्चों का पेट पालने में पति का हाथ बंटाती थी। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
“5 मिनट पहले ही बात हुई थी…”—पति के आंसुओं में झलका दर्द
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रैक्टर का पहिया सीधे रीटा के सिर के ऊपर से उतर गया। मृतका के पति कुलदीप, जो खुद एक सफाई कर्मचारी हैं, ने बिलखते हुए बताया कि हादसे से बमुश्किल पांच मिनट पहले ही उनकी पत्नी से फोन पर बात हुई थी। रीटा ने बताया था कि वह काम पर जाने के लिए निकल चुकी है और बस ई-रिक्शा की राह देख रही है।
बात खत्म होने के कुछ ही मिनटों बाद कुलदीप के पास पड़ोसियों का फोन आया, जिसने उनके पैरों तले जमीन खिसका दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि शेड के पास खून से लथपथ रीटा का शव पड़ा था और पास ही स्कूल की ढही हुई दीवार के मलबे में ट्रैक्टर फंसा हुआ था।
ग्रामीणों ने चालक को दबोचा, नशे में गाड़ी चलाने का आरोप
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए भागने की फिराक में लगे ट्रैक्टर चालक को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि ड्राइवर न केवल लापरवाही से तेज गति में गाड़ी चला रहा था, बल्कि वह नशे की हालत में भी धुत था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही नशे की पुष्टि हो सकेगी।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, आर्थिक संकट गहराया
रीटा के अचानक यूं चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अपने पीछे वह पति के अलावा तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गई है। परिजनों का आरोप है कि इतना बड़ा हादसा हो जाने के बावजूद ट्रैक्टर मालिक झांकने तक नहीं आया। (Kailash Village Karnal Accident) परिजनों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी चालक और वाहन मालिक के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है, ताकि पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल सके। एक कमाऊ सदस्य के चले जाने से अब इस गरीब परिवार के सामने जीवन-यापन का भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
यह भी पढ़ें– फरीदाबाद में सड़क पर बेकाबू हुआ लोगों का गुस्सा, हॉर्न बजाने पर कैब चालक की पीट-पीटकर बनाई हालत खराब
