Koffee With Karan: हमेशा के लिए बंद हो रहा ‘कॉफी विद करण’, 22 साल बाद करण जौहर ने किया आखिरी सीजन का भावुक ऐलान
हमेशा के लिए बंद हो रहा 'कॉफी विद करण'
Koffee With Karan: भारतीय टेलीविजन और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सेलिब्रिटी चैट शोज़ का ट्रेंड सेट करने वाले मशहूर टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ (Koffee With Karan) के फैंस के लिए एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। दो दशक से अधिक समय तक बॉलीवुड सितारों के निजी रिश्तों, गॉसिप्स, अफेयर्स और विवादों की गवाह रही ‘कॉफी कौच’ अब हमेशा के लिए शांत होने जा रही है। फिल्ममेकर करण जौहर ने खुद इस बात की आधिकारिक पुष्टि कर दी है कि शो का आगामी 9वां सीजन इसका ‘फेयरवेल सीजन’ यानी अंतिम सीजन होगा।
साल 2004 में पहली बार स्टार वर्ल्ड पर शुरू हुआ यह शो बीते 22 सालों में सिर्फ एक चैट शो नहीं रहा, बल्कि भारतीय पॉप कल्चर का एक अटूट हिस्सा बन गया। इस शो के सोफे पर बैठकर कई सितारों ने अपनी प्रेम कहानियों की शुरुआत कबूली, तो कई पुराने दोस्तों के बीच खटास भी देखने को मिली।
“अब इसे जाने देने का वक्त आ गया है” — भावुक हुए करण जौहर
अपने इस सफर को विराम देने के फैसले पर करण जौहर बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा, “कुछ सफर ऐसे होते हैं, जिन्हें खत्म करने की योजना आप पहले से नहीं बनाते, लेकिन दिल से आवाज आती है कि अब इन्हें अलविदा कहने का सही समय आ गया है। ‘कॉफी विद करण’ मेरी जिंदगी का बेहद खास हिस्सा रहा है। इसने मुझे अनगिनत दोस्त, यादगार पल, ढेर सारा प्यार और हां… अपने हिस्से के विवाद भी दिए।”
करण ने दर्शकों और ट्रोलर्स दोनों का शुक्रिया अदा करते हुए आगे जोड़ा, “दर्शकों ने हमारे साथ हंसा, बहस की, हमें ट्रोल किया और हमारा जश्न मनाया। अलविदा कहना बेहद भावुक है, लेकिन यह फैसला सही लग रहा है। यह आखिरी सीजन उन सभी लोगों को मेरा शुक्रिया कहने का तरीका है जिन्होंने इस शो को इतना आइकॉनिक बनाया। तो आइए, मेरे साथ कॉफी का एक आखिरी कप पीजिए… आखिरी बार।”
14 अक्टूबर से जियोहॉटस्टार पर शुरू होगी आखिरी जंग, आलोक जैन ने की तारीफ
जियोस्टार के हिंदी और इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिजनेस के प्रमुख आलोक जैन ने शो की विरासत को याद करते हुए कहा कि ‘कॉफी विद करण’ ने देश के सबसे बड़े सितारों को सीधे दर्शकों के ड्राइंग रूम तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा, “दो दशकों से ज्यादा समय तक इस शो ने सितारों की ऐसी अनफिल्टर्ड झलक दिखाई जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी। जब करण आखिरी बार अपना आइकॉनिक कॉफी मग उठाएंगे, तो हम इस ऐतिहासिक शो की शानदार विरासत का जश्न मनाएंगे।”
खबरों के मुताबिक, ‘कॉफी विद करण सीजन 9’ का भव्य प्रीमियर 14 अक्टूबर 2026 को जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर किया जाएगा। शो के सिग्नेचर रैपिड-फायर राउंड, कॉफी हैम्पर और बॉलीवुड के बड़े सितारों के साथ बेबाक मुलाकातों के साथ यह आइकॉनिक शो हमेशा के लिए दर्शकों से रुखसत हो जाएगा।
यह भी पढ़ें– ‘काली खेती’ से दहलाएंगे जैकी श्रॉफ और शरद केलकर, रिलीज डेट और पहला लुक आया सामने
