August 15, 2026

Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र में बिजली की तार से टकराई सीढ़ी, 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत

0
Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र में बिजली की तार से टकराई सीढ़ी, 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत

कुरुक्षेत्र में बिजली की तार से टकराई सीढ़ी, 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत

Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र शहर के धर्मक्षेत्र इलाके से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। गुरुवार शाम कंग कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे 25 वर्षीय बिजली मिस्त्री गौरव पांचाल की हाईवोल्टेज लाइन की चपेट में आने से झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई। मृतक गौरव अमरगढ़ मझाड़ा गांव का रहने वाला था और एक स्थानीय ठेकेदार के पास मजदूरी व बिजली का काम करता था।

हादसे की खबर मिलते ही इलाके में सन्नाटा पसर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग सहम गए। करंट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सीढ़ी के परखच्चे उड़ गए और लेंटर के हिस्से में भी सुराख हो गया।

भीगी सीढ़ी बनी काल, घर का अकेला कमाने वाला चिराग बुझा

घटनाक्रम के मुताबिक, गौरव करीब 8 से 10 फीट लंबी लोहे की सीढ़ी लेकर दूसरे मकान से आ रहा था। सीढ़ी बारिश की वजह से भीगी हुई थी। जैसे ही उसने सीढ़ी को सीधा करने का प्रयास किया, वह पास से गुजर रही 11 केवी की हाईवोल्टेज तारों से जा टकराई। करंट दौड़ते ही सीढ़ी में आग लग गई और गौरव का शरीर बुरी तरह झुलस गया।

इस दर्दनाक हादसे ने एक पूरे परिवार को बेसहारा कर दिया है। गौरव के पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उसकी मां मूक-बधिर हैं। छोटा भाई राहुल अभी पढ़ाई कर रहा है। पूरे घर का खर्च गौरव की ही दिहाड़ी से चलता था। उसकी मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ठेकेदार की लापरवाही पर भड़के परिजन, अकेले भारी सीढ़ी उठाने भेजा था

मृतक के चचेरे भाई अभिषेक पांचाल ने ठेकेदार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अभिषेक का आरोप है कि इतनी भारी और लंबी सीढ़ी को अकेला व्यक्ति सुरक्षित तरीके से नहीं ले जा सकता था, फिर भी ठेकेदार ने गौरव को अकेले ही सीढ़ी लाने भेज दिया। अगर उसके साथ कोई और मददगार होता या सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जाता, तो शायद आज गौरव जिंदा होता।

‘कई बार की शिकायत, नहीं हटाई लाइन’— बिजली विभाग पर फूटा लोगों का गुस्सा

हादसे के बाद कंग कॉलोनी के बाशिंदों में बिजली निगम के खिलाफ भारी रोष देखा जा रहा है। स्थानीय निवासी बंटी समेत अन्य लोगों का कहना है कि रिहायशी मकानों के ऊपर से गुजर रही इन खतरनाक हाईवोल्टेज तारों को हटाने के लिए विभाग को कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं।

आसपास की अन्य कॉलोनियों से तारें हटा दी गईं, लेकिन कंग कॉलोनी की फाइल दबाकर रखी गई। स्थानीय लोगों का साफ कहना है कि अगर समय रहते बिजली निगम चेत जाता और तारों को शिफ्ट कर देता, तो आज एक मासूम नौजवान की जान न जाती।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही सुभाष मंडी पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटनास्थल की फोरेंसिक स्थिति और चश्मदीदों की गवाही के आधार पर ठेकेदार व संबंधित लापरवाही के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

यह भी पढ़ें–  हरियाणा में बदला हवाओं का रुख, 4 जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed