Kurukshetra Police Encounter: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के शाहाबाद इलाके में पुलिस और नशे के सौदागरों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद एक वांछित तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है। सोमवार रात पुलिस टीम पर गोली चलाकर फरार हुए आरोपी की तलाश में पुलिस रातभर नाकाबंदी किए रही। आखिरकार मंगलवार तड़के मारकंडा पुल के पास हुई मुठभेड़ में जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है।
अनाज मंडी के पास हुई थी पहली वारदात
मामले की जानकारी देते हुए शाहाबाद थाना प्रभारी (SHO) सुरेंद्र सिद्धू ने बताया कि सोमवार रात करीब 8 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शाहाबाद-जंधेड़ी रोड स्थित अनाज मंडी के पीछे एक रिट्ज कार में दो युवक नशीले पदार्थ (चिट्टा) की बड़ी खेप लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जब कार को रोकने का इशारा किया, तो कंडक्ट्री सीट पर बैठे युवक ने पुलिस पर सीधी फायरिंग कर दी और अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते भाग निकला।
20 लाख की ड्रग्स के साथ साथी पहले ही गिरफ्तार
वारदात के दौरान पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी चला रहे दूसरे आरोपी गौरव को मौके पर ही धर दबोचा। पुलिस तलाशी के दौरान कार से लगभग 200 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। पकड़ा गया आरोपी गौरव जंधेड़ी गांव का रहने वाला है और उस पर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत पहले से 6 मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।
मारकंडा पुल पर सुबह हुई दोबारा मुठभेड़
पुलिस टीमें रातभर फरार आरोपी की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही थीं। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी मारकंडा पुल के आसपास छिपा हुआ है। पुलिस ने जब उसे सरेंडर करने को कहा, तो उसने एक बार फिर पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में गोली आरोपी की टांग में लगी, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
आरोपी की पहचान कैथल निवासी संजू के रूप में हुई है। घायल अवस्था में उसे प्राथमिक उपचार के बाद LNJP अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि इस ड्रग्स नेटवर्क के मुख्य सप्लायरों का पता लगाया जा सके।
यह भी देखें – हरियाणा में उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर, जानिए किन जिलों में बढ़ी रात की ठंड

