लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उनका शव नीलो नहर से बरामद किया गया। 29 वर्षीय सिंगर को छह दिन पहले कथित तौर पर गनपॉइंट पर अगवा किया गया था, जिसके बाद परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि मोगा निवासी और कनाडा में रहने वाला एक युवक उन पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था। शादी से इनकार करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
बाजार से निकलीं, फिर नहीं लौटीं घर
मृतका के भाई जोतइंदर सिंह के मुताबिक, 13 मई की शाम करीब साढ़े छह बजे यशइंदर कौर अपनी सफेद रंग की फोर्ड फिगो कार लेकर घर का राशन लेने निकली थीं। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटीं। परिवार ने पहले अपने स्तर पर तलाश शुरू की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
परिवार की छानबीन में सामने आया कि यशइंदर की दोस्ती मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा से थी, जो वर्तमान में अपने परिवार के साथ कनाडा में रहता है। परिवार का आरोप है कि 13 मई की रात सुखविंदर सिंह, उसके पिता प्रीतम सिंह, दोस्त करमजीत सिंह और कुछ अन्य लोगों ने मिलकर यशइंदर का अपहरण किया।
जबरन शादी का बना रहा था दबाव
परिजनों के अनुसार सुखविंदर सिंह पिछले कई महीनों से यशइंदर कौर पर शादी करने का दबाव बना रहा था। करीब पांच साल पहले दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत होती रही, लेकिन बाद में यशइंदर को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं।
इसके बाद सिंगर ने उससे दूरी बना ली और शादी से साफ इनकार कर दिया। परिवार का आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने बदला लेने की योजना बनाई। परिजनों का कहना है कि सुखविंदर सिंह के पिता भी इस पूरे मामले में उसका साथ दे रहे थे।
कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब पहुंचा आरोपी
परिवार ने दावा किया है कि आरोपी सुखविंदर सिंह हत्या की साजिश रचकर कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब पहुंचा था। मोगा आने के बाद उसने दो टैक्सियां किराए पर लीं और अपने साथियों के साथ लुधियाना पहुंचा। यहां उसने यशइंदर कौर को कथित तौर पर गनपॉइंट पर अगवा कर लिया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने नहर किनारे उनकी हत्या कर दी और शव नीलो नहर में फेंक दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दोबारा नेपाल के रास्ते कनाडा फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से आरोपी के फरार होने की पुष्टि नहीं की है।
नहर से बरामद हुआ शव
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने नीलो नहर में एक महिला का शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। बाद में परिवार ने शव की पहचान इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर के रूप में की। पुलिस ने शव को समराला के सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। पुलिस ने परिवार के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार कोरिया में, लुधियाना में रह रहा था भाई
जानकारी के मुताबिक, यशइंदर कौर के माता-पिता और दो भाई कोरिया में रहते हैं। उनका एक भाई लुधियाना के जमालपुर इलाके में रहता है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है और रिश्तेदार लगातार घर पहुंच रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न एजेंसियों से संपर्क किया गया है और तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है।

