मेजर ध्यानचंद का जीवन युवाओं के लिए सबसे बड़ा प्रेरणास्रोत

Narnaul/Ateli news:
महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर मेजर ध्यानचंद के खेलों के प्रति अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों को खेलों के महत्व एवं स्वस्थ जीवन शैली के प्रति जागरूक किया गया।
विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि एवं खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें पिट्ठू, गैलेरी और स्टैंडिंग जंप जैसे मनोरंजक खेल शामिल रहे। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार सैनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन युवाओं के लिए सबसे बड़ा प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने खेल कौशल और समर्पण से देश का नाम विश्व पटल पर रोशन किया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना व नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं।
यह आयोजन शारीरिक शिक्षा प्रभारी डॉ. सत्यजीत के निर्देशन में सफल रहा। इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी डॉ. नीरज चौहान, अक्षत कुमार, सुमन यादव, मीनाक्षी यादव व रीना यादव सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने उपस्थिति दर्ज कराई। अंत में प्राचार्य ने सभी को बधाई दी।
