Nangal Chaudhary City News: आगामी त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अमित कुमार ने नांगल चौधरी में किरयाना दुकानदारों एवं हलवाईयों के साथ एक जागरूकता बैठक आयोजित की। बैठक का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के प्रति दुकानदारों को जागरूक करना रहा।
बैठक के दौरान डॉ. अमित कुमार ने सभी दुकानदारों एवं हलवाईयों को त्योहारी सीजन में अच्छी गुणवत्ता की मिठाइयां तैयार करने तथा खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मिठाइयों में अनावश्यक कृत्रिम रंगों के प्रयोग से बचने की सलाह दी।
यदि मिठाइयों में रंगों का प्रयोग आवश्यक हो, तो केवल खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा अनुमत एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य रंगों का ही उपयोग किया जाए। रंगों का प्रयोग निर्धारित सीमा के भीतर ही किया जाना चाहिए।
डॉ. अमित कुमार ने सभी किरयाना दुकानदारों एवं हलवाईयों को निर्देशित किया कि वे अपने खाद्य कारोबार के लिए नियमानुसार FSSAI का पंजीकरण अथवा लाइसेंस अवश्य प्राप्त करें तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने दुकानों एवं मिठाई निर्माण स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने, अच्छी गुणवत्ता के कच्चे माल का उपयोग करने तथा खाद्य पदार्थों के भंडारण एवं रखरखाव में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी खाद्य कारोबारियों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए उपभोक्ताओं को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने चाहिए। खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करके ही मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी दुकानदारों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और त्योहारी सीजन में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां उपलब्ध करवाने में सहयोग दें।
यह भी देखें – डीएलएसए की ओर से विद्यार्थियों को सिखाये ‘गुड टच-बैड टच’ के नियम, पोक्सो एक्ट पर दी जानकारी

