Narnaul: जगमार्ग न्यूज। नारनौल
शहर के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध मां चामुंडा देवी मंदिर में महा नवमी के पावन अवसर पर सोमवार शाम को भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा।
मां चामुंडा देवी ट्रस्ट के प्रधान रामकुमार भोजावासिया ने बताया कि महा नवमी के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। मां के दरबार को रंग-बिरंगी आकर्षक लाइटों और सुंदर फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है।
उन्होंने बताया कि महा नवमी के अवसर पर सोमवार शाम 5 बजे भव्य चुन्नी यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह चुन्नी यात्रा किला रोड से प्रारंभ होकर श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मां चामुंडा देवी मंदिर पहुंचेगी। चुन्नी यात्रा में श्रद्धालु मां की महिमा का गुणगान करते हुए शामिल होंगे।
मंदिर पहुंचने के बाद मां की भव्य आरती की जाएगी। आरती के तुरंत बाद मां को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं में छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
रामकुमार भोजावासिया ने बताया कि मेले को लेकर ट्रस्ट की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन का सहयोग भी लिया जा रहा है, ताकि मां के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। ट्रस्ट की ओर से सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे महा नवमी के पावन अवसर पर भव्य चुन्नी यात्रा और मेले में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा मां चामुंडा देवी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करें।
यह भी देखें ‘टाइगर जिंदा है’ सोशल मीडिया पर हुआ ट्रेंड, फायरिंग में बाल-बाल बचे टाइगर श्रॉफ

