Narnaul: हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित विभागीय प्रतिनिधि चुनावों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने 34 विभागों में से 33 विभागों में जीत दर्ज की है। इसके साथ ही आंतरिक शिकायत समिति (ICC) सहित सभी समितियों में भी ABVP प्रत्याशियों ने विजय प्राप्त की है।
ABVP की केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य तृप्ति सैनी ने चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह जीत हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय विद्यार्थियों के बीच रहने वाला कार्यकर्ता नहीं होता, बल्कि पूरे वर्ष विद्यार्थियों की समस्याओं, आवश्यकताओं और हितों के लिए परिसर में सक्रिय रहकर कार्य करता है।
उन्होंने कहा, “यह जीत विश्वविद्यालय के प्रत्येक विद्यार्थी की जीत है। ABVP का कार्यकर्ता विद्यार्थियों की आवश्यकताओं और समस्याओं को समझकर सदैव उनके साथ खड़े रहने का प्रयास करता है।
विद्यार्थी परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता, चाहे वह किसी भी दायित्व पर हो, विद्यार्थी हितों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जहाँ भी विद्यार्थियों की बात होती है और जिस रूप में उनकी आवश्यकता होती है, विद्यार्थी परिषद का कार्यकर्ता उसी रूप में उपस्थित होकर उनके साथ खड़ा रहता है।”
उन्होंने आगे कहा कि जो संगठन चुनाव से पहले ही अपनी हार मान चुके थे और ABVP के कार्यकर्ताओं को बदनाम करने का प्रयास कर रहे थे, उन्हें विद्यार्थियों ने अपने विश्वास के माध्यम से जवाब दिया है। विद्यार्थियों ने स्पष्ट कर दिया है कि उनका विश्वास संगठन के कार्यों और उसके सक्रिय कार्यकर्ताओं पर है।
उन्होंने सभी नवनिर्वाचित विभागीय प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने विभागों में विद्यार्थियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनें, उनके साथ निरंतर संवाद बनाए रखें और विभाग एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष विद्यार्थियों से जुड़े विषयों को रचनात्मक एवं प्रभावी तरीके से रखने का प्रयास करें।
महेंद्रगढ़ के नगर सह-मंत्री हेमंत ने भी सभी विजयी कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा दिए गए इस जनादेश के बाद नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से विद्यार्थी हितों के लिए निरंतर सक्रिय रहने और विश्वविद्यालय परिसर में सकारात्मक एवं रचनात्मक वातावरण के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
यह भी देखें कंप्यूटर से भी ज्यादा खूबसूरत हैंडराइटिंग, विजयवाड़ा की छात्रा की लिखावट देख हैरान रह गए 11 करोड़ लोग

