Narnaul Crime News: नारनौल क्षेत्र के गांव नूनी कलां में दशहरे के पावन पर्व पर एक पारिवारिक रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। जमीनी विवाद के चलते एक सगे भाई पर अपने बेटों और अन्य परिजनों के साथ मिलकर अपने ही 58 वर्षीय भाई इंद्रपाल की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या करने का आरोप लगा है।
मृतक इंद्रपाल खेतीबाड़ी का काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही सदर नारनौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल से पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
खेत से लौटते वक्त गांव के अड्डे पर किया हमला
मृतक के बेटे अनिल ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे उनके पिता इंद्रपाल खेत से काम निपटाकर वापस गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव के अड्डे के पास पहुंचे, तो पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटें आने के कारण इंद्रपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
पहले भी किया जा चुका था जानलेवा हमला
बेटे अनिल ने बताया कि उनकी आरोपियों के साथ जमीन को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इससे पहले जनवरी महीने में भी आरोपियों ने रात के वक्त उसके पिता पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें इंद्रपाल के दोनों पैर टूट गए थे और डॉक्टरों को उनके पैरों में लोहे की रॉड डालनी पड़ी थी। उस पुरानी घटना का मामला अभी अदालत में विचाराधीन है।
शिकायतकर्ता अनिल ने अपने चाचा सुरेंद्र, उनके बेटों अंकित व विशाल और परिवार की दो महिलाओं (सुरेंद्र की पत्नी तथा अंकित की पत्नी) पर इस हत्याकांड में सीधा शामिल होने का आरोप लगाया है।
मामले की पुष्टि करते हुए सदर नारनौल थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या की वजह भाई-भतीजों के बीच जमीनी विवाद ही सामने आई है। अनिल की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और सभी नामजद आरोपियों की तलाश एवं उनकी भूमिका की सघनता से जांच की जा रही है।
यह भी देखें – ऑनलाइन टास्क के नाम पर 7.15 लाख की ठगी मामले में जोधपुर से एक आरोपी गिरफ्तार, नारनौल साइबर पुलिस की कार्रवाई

