September 19, 2026

Narnaul : राजकीय महाविद्यालय नारनौल की डॉ. पलक बनीं सर्वश्रेष्ठ एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर, इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय ने किया चयन

0
Narnaul : राजकीय महाविद्यालय नारनौल की डॉ. पलक बनीं सर्वश्रेष्ठ एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर, इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय ने किया चयन

डॉ पलक को मिठाई खिलाकर बधाई देते कॉलेज के प्राचार्य व स्टाफ सदस्य ।

Narnaul : राजकीय महाविद्यालय, नारनौल के लिए यह बेहद गौरव और हर्ष का क्षण है। महाविद्यालय की सहायक प्रोफेसर डॉ. पलक का चयन इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (IGU), मीरपुर-रेवाड़ी द्वारा सत्र 2025-26 के लिए ‘विश्वविद्यालय स्तरीय बेस्ट राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रोग्राम ऑफिसर’ के रूप में किया गया है। इस उपलब्धि से पूरे कॉलेज परिसर और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

प्राचार्य और स्टाफ ने दी बधाई, खिलाई मिठाइयां

इस शानदार सफलता पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कृष्ण कुमार और समस्त स्टाफ सदस्यों ने डॉ. पलक को हार्दिक बधाई दी और मिठाइयां खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्राचार्य डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि यह सम्मान उनकी कड़ी मेहनत, अटूट समर्पण और विद्यार्थियों के प्रति उनकी जिम्मेदारियों के उत्कृष्ट निर्वहन का सीधा परिणाम है। उन्होंने कहा कि एनएसएस युवाओं में सेवा भाव, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है।

पिछले पांच सालों से राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर रहा है उत्कृष्ट योगदान

महाविद्यालय के काउंसिल मेंबर और सीनियर प्रोफेसर डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि डॉ. पलक ने एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थियों को समाजसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया है।

उनके पिछले पांच वर्षों के निरंतर प्रयासों के चलते महाविद्यालय के स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

सीनियर प्रोफेसर एवं एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. सतीश सैनी ने जानकारी दी कि इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, पुरस्कार वितरण समारोह आगामी 22 सितंबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे आईजीयू मीरपुर-रेवाड़ी के कल्पना चावला भवन में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में पुरस्कार विजेताओं के साथ उनके अभिभावकों और प्रोग्राम ऑफिसर को भी विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है।

‘नॉट मी, बट यू’ की भावना को किया साकार

एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर सत्यपाल सूलोदिया ने बताया कि डॉ. पलक ने एनएसएस की मूल भावना “नॉट मी, बट यू” (मैं नहीं, आप) को अपने कार्यों से चरितार्थ किया है। डॉ. पलक ने इस सफलता का श्रेय महाविद्यालय के प्राचार्य, समस्त स्टाफ, सभी एनएसएस इकाइयों और अपने परिवार के सहयोग को दिया है।

इस उपलब्धि पर कॉलेज परिवार के डॉ. नरेश कुमार, डॉ. मीना कुमारी, डॉ. विजय दीप गौड़, डॉ. प्रवीण गौरिया, डॉ. अर्चना गुप्ता, डॉ. पूनम राव और डॉ. महेश शर्मा सहित तमाम शिक्षकों ने डॉ. पलक को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

यह भी देखें – बाबा खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेवाड़ी-रींगस के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, नारनौल समेत 9 स्टेशनों पर होगा ठहराव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed