September 30, 2026

Narnaul : आवास फाईनेंस कंपनी पर एमएसएमई की बजाए प्रोपर्टी लोन देने का आरोप

0
Narnaul : आवास फाईनेंस कंपनी पर एमएसएमई की बजाए प्रोपर्टी लोन देने का आरोप

प्रतीकात्मक फोटो

Narnaul : आवास फाईनेंस कंपनी की नारनौल शाखा द्वारा अपने साथ 9 लाख 34 हजार 714 रुपए की कथित धोखाधड़ी के मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस ने आवास फाइनेंस कंपनी की ओर से दी गई शिकायत में गांव जाटवास की एक दंपति के विरुद्ध एफआईआर  दर्ज की है तो दूसरी ओर जाटवास गांव निवासी दंपति का कहना है कि उन्हें पहले एमएसएमई स्कीम के तहत लोन देने की  ऑफर की  गई थी । बाद में इसे एमएसएमई  की बजाय इंडसईंड बैंक के माध्यम से प्रोपर्टी लोन देने की बात उजागर हुई उनके साथ धोखाधड़ी हुई इसके बावजूद आवास फाईनेंस कंपनी ने ही उनके खिलाफ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करवा दिया है ।

 

जाटवास गांव निवासी गीतांजलि पत्नी चरण सिंह का कहना है कि उसका गांव में CSC है। उसके माध्यम से वह अपने परिवार का भरण पोषण करती है। वह स्वयं 12वीं पास है और 8वीं पास उसका पति ऑटो चलाता है।

 

गीतांजलि के मुताबिक आवास फाईनेंस कंपनी के जितेंद्र ने कुछ साल पहले उससे संपर्क किया था । उसका कहना था कि वह माईक्रो लोन दिलाता है। वर्ष 2024 में उसने मुझे नॉन होम लोन और एमएसएमई लोन दिलाने की कोशिश की थी । तब मैने इससे मना कर दिया था। इसके बाद जनवरी 2025 में फिर ऑफर दी गई जितेंद्र का कहना था कि एमएसएमई लोन लेने पर 3.50 लाख रुपये की सब्सिडी मिल जाएगी ।

 

यह बात जानकर मैने उसे हां भर दी। तब 28 जनवरी 2025 को 9 लाख 34 हजार 714 रु का हमारा लोन मंजूर किया गया। गीतांजलि का कहना है कि इसके कागजात जितेंद्र ने ही तैयार किए। वह हमसे ओटीपी लेता रहा। इस लोन का चेक इंडिया शेल्टर फाईनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड के नाम जारी किया गया था ।

 

गीतांजलि के अनुसार चेक देते समय उसके पति की फोटो भी रोड़ पर ही खींच ली गई थी। कुछ दिनों बाद हमें इंडसइंड बैंक की चेकबुक, एटीएम व अन्य कागजात मिले। जबकि हम कभी इंडसइंड बैंक में गए ही नहीं थे । गीतांजलि के अनुसार उन्हें लोन जनवरी में दिया गया था, जबकि जुलाई में उनसे प्रोपर्टी के कागज मांगे गए। लोन हमें एमएसएमई  के नाम पर देने की बात की गई थी। बाद में आवास फाईनेंस कंपनी का कहना था कि वे एमएसएमई  का कोई लोन नहीं देते, केवल प्रोपर्टी लोन करते हैं ।

गीतांजलि ने इस मामले में अपने पीड़ित होने का हवाला देते हुए कहा कि गलत उनके साथ हुआ। आवास फाईनेंस कंपनी ने अब उनके खिलाफ ही पुलिस में दोबारा शिकायत दर्ज करवा दी है। पहले भी ऐसी ही एक शिकायत हुई थी, जिसे पुलिस ने अपनी जांच में खारिज कर दिया था ।

 

 

यह भी देखें – जन स्वास्थ्य विभाग अटेली में कर्मचारियों का संयुक्त धरना दूसरे दिन भी जारी, कार्यालय से दस्तावेज का बैग गायब होने पर रोष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed