Narnaul: धर्म नारायण शर्मा।
नारनौल शहर के मोहल्ला जमालपुर और नई सराय के बीच बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य 15 दिन विधायक और नप चेयरपर्सन के इंतजार करने के बाद आखिरकार शुरू हो ही गया। इस सड़क के शुभारंभ के लिए जब लोगों को विधायक और चेयरपर्सन का साथ नहीं मिला तो उन्होंने खुद ही नारियल छोड़कर इसकी शुरुआत की थी।
19 सितंबर को प्रारंभ किए गए इस कार्य के लिए मोहल्लावासी दोनों माननीयों के आगमन का इंतजार करते रहे। थक हारकर ठेकेदार ने भी काम में देरी के चलते अपनी पेमेंट अटकती देख निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
सड़क को अब जेसीबी से तोड़ा जा चुका है। इसके बाद इसे करीब 55 लाख की लागत से आरसीसी सड़क के रूप में बनाया जाएगा।

यहां बता दें कि शहर के जमालपुर नई सराय और पुरानी सराय को जोड़ने वाले में सेन चौक के आसपास के इलाके की सड़क अनेक सालों से टूटी हुई है। यहां अक्सर जलभराव रहता है। लोगों की अपील पर भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने करीब 55 लाख रुपए की लागत वाली इस सड़क को मंजूरी दी थी। पैसा आने के बावजूद यह सड़क लंबे समय तक स्थानीय राजनीति का शिकार बन गई।
एक तरफ जहां पार्षद काशी राम समर्थक धड़ा था तो दूसरी तरफ उसका विरोधी खेमा, जिसे बगीची वाला धड़ा कहा जाता है।
कमोबेश यही स्थिति विधायक ओम प्रकाश यादव और नप चेयरपर्सन कमलेश सैनी के बीच भी देखने में आई। इस सड़क के शुभारंभ के लिए 19 सितंबर को लोगों ने पार्षद काशीराम सैनी के नेतृत्व में विधायक ओम प्रकाश यादव और नप चेयरपर्सन कमलेश सैनी से समय मांगा था। समय देने के बावजूद विधायक और चेयरपर्सन नहीं पहुंचे तो मोहल्लावासियों ने उन्हें दरकिनार करते हुए पूजन के लिए लाया गया नारियल खुद फोड़कर सड़क निर्माण का काम शुरू करवा दिया।
बताया जाता है कि इसके बाद मोहल्ले की राजनीति निकल पड़ी। दरअसल मौजूदा पार्षद काशीराम हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी रविंद्र सिंह मटरू के लिए चुनाव प्रचार में सक्रिय थे। इसी मोहल्ले का दूसरा धड़ा विधायक ओमप्रकाश यादव के साथ था। बाद में जब नगर परिषद के चेयरपर्सन का चुनाव हुआ तो काशीराम सैनी मौजूदा नप चेयरपर्सन कमलेश सैनी के साथ जुड़ गए, जबकि ओमप्रकाश यादव समर्थक भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी संगीता यादव के साथ थे। वही राजनीति विकास कार्य में भी आड़े आ गई है।
यह चर्चा भी है कि जब सड़क निर्माण कार्य अटक गया तो बगीची वाला धड़ा विधायक से मिला।उन्होंने इस सड़क के निर्माण काम को शुरू करवाने की गुजारिश की। तब जाकर यह कार्य प्रारंभ किया गया। सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही विधायक और नप चेयरपर्सन इस सदका उद्घाटन करने आ सकते हैं। हालांकि ठेकेदार का कहना है कि उसके पास हिसार में पहले से कोई काम था। जिसके कारण मजदूर उपलब्ध नहीं थे। अब लेबर उपलब्ध होने के बाद काम शुरू किया गया है।

