August 7, 2026

Narnaul News: नारनौल में अखिल भारतीय व्यापार सुरक्षा मंच की नई टीम का ऐलान, अमित गोयल बने शहरी प्रधान

0
Narnaul News: नारनौल में अखिल भारतीय व्यापार सुरक्षा मंच की नई टीम का ऐलान, अमित गोयल बने शहरी प्रधान

नारनौल में अखिल भारतीय व्यापार सुरक्षा मंच की नई टीम का ऐलान

Narnaul News: धर्मनारायण शर्मा, नारनौल। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच ने शुक्रवार को नारनौल शहर में अपनी कार्यकारिणी का पुनर्गठन करते हुए व्यापारियों की सुरक्षा और हितों की लड़ाई को नया बल दिया है। निजामपुर रोड स्थित मंच के प्रांतीय कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग ने नए पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। जिला ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य एवं प्रमुख समाजसेवी अमित गोयल (सीताराम) को सर्वसम्मति से नारनौल शहर का नया प्रधान नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही संगठन को मजबूती देने के लिए धीरज शर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और केशव गर्ग को महामंत्री का दायित्व सौंपा गया है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग, राष्ट्रीय महामंत्री सुरेंद्र चौधरी और महेंद्रगढ़ जिलाध्यक्ष संजय गर्ग ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए नियुक्ति पत्र सौंपे और उनसे व्यापारी वर्ग की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।

9 अगस्त को सीएम नायब सैनी के सामने गूंजेंगी व्यापारियों की 5 मुख्य मांगें

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग ने पत्रकारों को बताया कि 9 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नारनौल आगमन पर संगठन का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल उनसे मुलाकात करेगा। यदि समय मिलता है तो मुख्यमंत्री को प्रदेश के व्यापारियों की लंबे समय से लंबित मांगों का एक ज्ञापन सौंपा जाएगा।

व्यापारियों की प्रमुख मांगों को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में ‘व्यापारी कल्याण आयोग’ का गठन तुरंत किया जाए और छोटे-बड़े सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सरकारी खर्च पर सुरक्षा बीमा कराया जाए। इसके अलावा, आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ़्त इलाज की पात्रता आयु को बुजुर्ग व्यापारियों के लिए 70 वर्ष से घटाकर 60 वर्ष किया जाए ताकि 60 साल से ऊपर के सभी बुजुर्ग व्यापारियों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए शहर के तमाम व्यस्त बाजारों में नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे लगाने और हर जिले में किसान भवन की तर्ज पर सर्वसुविधायुक्त ‘व्यापारी भवन’ का निर्माण कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी।

देश को लाखों करोड़ का टैक्स देने वाले व्यापारियों की सुध ले सरकार: सुरेंद्र चौधरी

सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय महामंत्री सुरेंद्र चौधरी ने सरकार का ध्यान व्यापारी वर्ग के योगदान की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि हरियाणा का व्यापारी वर्ग लगातार पिछले तीन कार्यकालों से भाजपा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहा है। प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में व्यापारियों का ऐतिहासिक योगदान रहा है। देश की अर्थव्यवस्था को हर महीने 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक का जीएसटी (GST) और लाखों करोड़ रुपये का आयकर (Income Tax) देने वाले व्यापारी समाज की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए। सरकार को व्यापारियों की मूलभूत समस्याओं और सुरक्षा पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए।

इस मौके पर जिला वरिष्ठ महामंत्री बिशन सैनी, जिला उपप्रधान सूरज अग्रवाल, वरिष्ठ व्यापारी नेता सतीश गर्ग और विकास शर्मा सहित शहर के कई प्रमुख व्यापारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें– ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड करें अपनी सेल्फी, नारनौल में तैयारियों को लेकर वीसी के बाद DC अनुपमा अंजली के कड़े निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed