Narnaul News: महेंद्रगढ़ जिले के गांव पाल के रहने वाले एक दंपति के बैंक खातों से साइबर ठगी का मामला सामने आया है।
पीड़ित अमित कुमार के मोबाइल में मूवी डाउनलोड करते समय एक अज्ञात APK फाइल डाउनलोड हो गई, जिसके बाद उनका फोन हैंग हो गया और कुछ ही पलों में दोनों पति-पत्नी के बैंक खातों से कुल 1,44,000 रुपये कट गए। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, अमित कुमार खेतीबाड़ी का काम करते हैं। 18 अक्टूबर को शाम करीब 5:45 बजे वे अपने फोन पर मूवी डाउनलोड कर रहे थे।
इसी दौरान उनके मोबाइल में एक APK फाइल स्वतः डाउनलोड हो गई और मोबाइल बुरी तरह हैंग होने लगा। कुछ ही देर में उनके पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के खाते से 98,000 रुपये और उनकी पत्नी पूजा के PNB खाते से 46,000 रुपये कटने के मैसेज आ गए।
पीड़ित ने दावा किया कि उन्होंने अपनी बैंक से जुड़ी कोई भी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं की थी और न ही ये ट्रांजेक्शन उन्होंने खुद किए थे। ठगी का संदेह होने पर उन्होंने तुरंत अपनी सिम निकालकर दूसरे फोन में डाली और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई (शिकायत नंबर: 31310260087781)।
पंचकूला साइबर क्राइम नोडल थाने से ई-जीरो एफआईआर (नंबर 246) प्राप्त होने के बाद, 20 अक्टूबर को पीड़ित ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर इसे इलाका मजिस्ट्रेट व वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया है और मामले की आगामी जांच की जा रही है।
यह भी देखें – महिलाओं के अधिकारों की रक्षा की गारंटी है महिला आयोग- मीना परमार

