Narnaul News: स्वास्थ्य सेवाओं को आम आदमी के लिए सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में हरियाणा सरकार एक अहम कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर प्रदेश के सभी अस्पतालों में कैशलेस सुविधा लागू की जाएगी। साथ ही मरीजों को ओपीडी में पर्ची के लिए घंटों कतार में खड़े रहने की परेशानी से भी राहत मिलेगी, क्योंकि वे अपना स्लॉट पहले से बुक करा सकेंगे।
इस व्यवस्था की जानकारी देते हुए चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशा शर्मा ने बताया कि सरकार ने यह कदम मरीजों को अधिक से अधिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उठाया है। उन्होंने कहा कि नई कैशलेस प्रणाली से अस्पताल की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। राज्य के सभी अस्पतालों में मिलने वाली सभी प्रकार की सेवाओं के लिए लगने वाले शुल्क का भुगतान अब क्यूआर कोड के माध्यम से किया जा सकेगा।
डॉ. शर्मा ने बताया कि ओपीडी के लिए कोई भी नागरिक, बुकिंग क्यूआर कोड के जरिए या ऑनलाइन, दोनों तरीकों से की जा सकेगी। इसके लिए अस्पताल में एक अलग काउंटर भी स्थापित किया जाएगा। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद मरीजों को अपनी बारी के लिए लाइन में लगने की आवश्यकता नहीं होगी।
इसके अलावा, 16 अक्टूबर से अस्पताल में ओपीडी के समय में भी बदलाव किया जाएगा। अब ओपीडी सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे के बजाय सुबह 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संचालित होगी। चिकित्सा अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि यह परिवर्तन नया नहीं है, बल्कि सर्दियों के मौसम को देखते हुए प्रत्येक वर्ष किया जाता है।
यह भी देखें – सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला आईटीआई में लगा निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

