Narnaul News: नारनौल में दौड़ लगाने के बाद नहर में उतरे थे 2 मासूम, दो मासूम दोस्तों की डूबने से मौत
नारनौल में दौड़ लगाने के बाद नहर में उतरे थे 2 मासूम, मौत
Narnaul News: धर्मनारायण शर्मा, नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल क्षेत्र स्थित खासपुर गांव के पास गुरुवार शाम एक दुखद हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रोज की तरह शाम को दौड़ लगाने निकले गांव के ही दो किशोर नहाने के इरादे से नहर में उतर गए, लेकिन पानी के तेज बहाव और गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोनों हादसे का शिकार हो गए। शुक्रवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में नारनौल के नागरिक अस्पताल में दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
महिलाओं के शोर मचाने पर दौड़े ग्रामीण, कार्तिक ने अस्पताल में तोड़ा दम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव खासपुर निवासी 13 वर्षीय कार्तिक और 14 वर्षीय गौरव गुरुवार शाम को दौड़ का अभ्यास करने नहर के पटरी की तरफ गए थे। वर्कआउट के बाद गर्मी से राहत पाने के लिए दोनों नहर किनारे पहुंचे और पानी में उतर गए। पास ही मौजूद कुछ महिलाओं ने जब दोनों बच्चों को अचानक गहरे पानी में छटपटाते और डूबते देखा, तो तुरंत शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और नहर में छलांग लगाकर तलाश शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद कार्तिक को पानी से बाहर निकाल लिया। उस वक्त उसकी सांसें हल्की चल रही थीं, जिस पर परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत इलाज के लिए नारनौल के निजी अस्पताल लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
3 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद मिला गौरव का शव, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दूसरे किशोर गौरव का कोई सुराग न मिलने पर पुलिस, स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया। हादसे के करीब तीन घंटे बाद गोताखोरों ने गौरव का शव नहर से बरामद किया। नहर के किनारे दोनों बच्चों के कपड़े और जूते रखे मिले, जिन्हें देखकर परिजनों का कलेजा कांप उठा।
दोनों बेहद गरीब परिवार, गौरव था इकलौता बेटा
गांव के सरपंच दारा सिंह ने बताया कि दोनों बच्चे गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़ते थे और उनके पिता मजदूरी करके किसी तरह परिवार का पेट पालते हैं। इस दर्दनाक हादसे में गौरव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसकी दो बहनें हैं। घर का इकलौता चिराग बुझ जाने से गौरव के सिर से पिता का साया और मां का दुलार छिन गया है, वहीं कार्तिक का एक बड़ा भाई है। एक साथ गांव के दो होनहार बच्चों की असमय मौत से खासपुर गांव में चूल्हा तक नहीं जला है और चारों तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है।
यह भी पढ़ें– नारनौल में 9 अगस्त को उमड़ेगा जनसैलाब, सीएम नायब सैनी करेंगे राज्य स्तरीय हाफ मैराथन का शुभारंभ
