Narnaul News Update: कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बुधवार को नारनौल मंडी का दौरा किया और वहां बाजरा बेचने पहुंचे किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने राज्य की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार बाजरे की खरीद प्रक्रिया में किसानों पर नाजायज शर्तें थोपकर उन्हें आर्थिक रूप से परेशान कर रही है।
एमएसपी से कम मिल रहे भाव, किसानों के साथ अन्याय
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार ने आधिकारिक तौर पर बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2900 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, लेकिन धरातल पर किसानों को खरीद के दौरान 2100 से 2200 रुपए प्रति क्विंटल के भाव ही मिलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसानों को सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा है, तो यह सीधा-सीधा अन्नदाताओं के साथ अन्याय है। उन्होंने मांग की कि सरकार को तुरंत किसानों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए ताकि उन्हें उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल सके। इस दौरान नारनौल मंडी में बाजरा बेचने आए किसानों के वाहनों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं।

राजीव गांधी की प्रतिमा पर विज्ञापन बोर्ड लगाने पर नाराजगी
मंडी दौरे के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने नारनौल में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा को विज्ञापन स्थल के रूप में इस्तेमाल किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई। जिला कांग्रेस कमेटी महेंद्रगढ़ ने इस मामले में जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर प्रतिमा के आसपास से तुरंत विज्ञापन सामग्री हटाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की कड़ी मांग की है।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि देश के विकास, आधुनिक तकनीक और संचार क्रांति में राजीव गांधी का अतुलनीय योगदान रहा है। ऐसे महापुरुषों की प्रतिमाओं की गरिमा और सम्मान बनाए रखना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने की निंदा
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सत्यवीर झुकिया, महिला अध्यक्ष डॉ. राजवति और पूर्व मुख्य संसदीय सचिव अनिता यादव ने संयुक्त रूप से कहा कि महापुरुष हमारी ऐतिहासिक धरोहर और प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश में युवाओं की भागीदारी, महिला सशक्तिकरण, पंचायती राज व्यवस्था और तकनीकी विकास को आगे बढ़ाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है।
यह भी देखें – 16 अक्टूबर को जिला रोजगार कार्यालय में लगेगा रोजगार मेला

