Narnaul News: नारनौल में मंगलामुखी समाज के प्रधान विनोद सैनी (49) ने अपने डेरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मौत से ठीक पहले उन्होंने एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने किन्नर समाज के कुछ लोगों पर गंभीर मानसिक प्रताड़ना और अपमानित करने के आरोप लगाए।
वीडियो वायरल होने के बाद परिचित उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मूल रूप से रोहतक के रहने वाले विनोद सैनी के परिवार में पत्नी बबीता और चार बच्चे हैं। उनकी पत्नी बबीता ने आरोप लगाया कि उनके पति को लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। उन्होंने महक किन्नर, बुलबुल और टीना पर गंभीर आरोप लगाते हुए बच्चों को धमकी दिए जाने की बात कही।
पत्नी ने इस पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। शहर थाना एसएचओ अनिल ने बताया कि पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है और तमाम पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।
बता दें कि आत्महत्या करने वाले नारनौल के मंगलामुखी समाज के प्रधान विनोद सैनी का विवादों से पुराना नाता रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विनोद सैनी मूल रूप से रोहतक के रहने वाले थे और करीब 23 साल पहले उनकी शादी हुई थी।
वे चरखी दादरी में किन्नर समाज के संपर्क में आए थे और शुरुआत में समाज के लोगों का टेंपो चलाते थे। इसके बाद उन्होंने दादरी और नारनौल में अपना प्रभाव बढ़ाया और पिछले 7 साल से नारनौल के मंगलामुखी समाज के प्रधान पद पर काबिज थे।
विवाद की मुख्य जड़ उनका एक ‘सामान्य पुरुष’ होना भी बताया जा रहा है। किन्नर समाज के नियमों और व्यवस्था को लेकर पिछले दो वर्षों से समाज के कुछ लोगों के साथ उनका लगातार टकराव चल रहा था।
पिछले तीन वर्षों से महक किन्नर और उनके साथी विनोद सैनी के साथ रहकर महेंद्रगढ़ क्षेत्र में बधाई लेने का काम करते थे, जिसका भिवानी-महेंद्रगढ़ क्षेत्र की प्रधान बुलबुल किन्नर समेत कई लोग खुलकर विरोध कर रहे थे। इसके अलावा, विनोद सैनी पर पहले भी डरा-धमकाकर काम करवाने जैसे आरोप लग चुके हैं । बहरहाल मृतक विनोद सैनी के पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है और पुलिस भी इस मामले की जांच में जुट गई है।
यह भी देखें – पुलिस शहीदी दिवस पर वीर शहीदों को नमन, पुलिस अधीक्षक ने शहीद परिवारों को किया सम्मानित

