Narnaul: दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों को राहत देने के लिए बकाया बिजली बिल माफी योजना शुरू की है। इस योजना के तहत पात्र परिवारों के पुराने बिजली बिलों के बकाया में छूट दी जाएगी। नारनौल के विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश यादव ने बताया कि परिवार पहचान पत्र के डेटाबेस के अनुसार, पारिवारिक सूचना डेटा भंडार (एफआईडीआर) में जिन अंत्योदय परिवारों की सत्यापित वार्षिक आय एक लाख रुपये तक दर्ज है, उन्हें इस योजना के दायरे में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा, घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए पिछले 12 महीनों की औसत मासिक बिजली खपत 150 यूनिट तक होने की शर्त भी निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि योजना में भुगतान में चूक के कारण लंबित बिजली बिलों, विवादित बिलों और बिजली चोरी से संबंधित मामलों को भी शामिल किया गया है। हालांकि, इन मामलों में योजना के निर्धारित नियमों और पात्रता शर्तों के अनुसार ही राहत दी जाएगी।
बिजली खपत के अनुसार निर्धारित होंगे शुल्क योजना के तहत बिजली खपत के आधार पर प्रति यूनिट शुल्क निर्धारित किया गया है। 50 यूनिट तक मासिक खपत पर दो रुपये प्रति यूनिट और 51 से 100 यूनिट तक की खपत पर 2.50 रुपये प्रति यूनिट शुल्क लिया जाएगा। वहीं, 100 यूनिट से अधिक खपत होने पर 1 से 150 यूनिट तक की खपत के लिए 2.75 रुपये प्रति यूनिट की दर निर्धारित की गई है।
खराब मीटर वाले उपभोक्ताओं को भी राहत
विधायक ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के मीटर खराब होने के कारण अंतिम बिल जारी किया गया है, उनके लिए मूल राशि की गणना ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के आधार पर की जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में 40 यूनिट प्रति माह और शहरी क्षेत्रों में 50 यूनिट प्रति माह की खपत के आधार पर गणना का प्रावधान है। ऐसे मामलों में न्यूनतम स्वीकृत लोड एक किलोवाट माना जाएगा। लोड को अगले उच्चतर अंक तक पूर्णांकित करने के साथ मीटर बदलने का भी प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि ऐसे पात्र उपभोक्ताओं को पिछले 12 महीनों की मूल बकाया राशि ही देनी होगी, जबकि शेष बकाया माफ किया जाएगा। योजना के तहत पात्र आवेदक द्वारा देय अधिकतम राशि 3,600 रुपये निर्धारित की गई है।
ओम प्रकाश यादव ने पात्र परिवारों से अपील की कि वे योजना की शर्तों की जानकारी लेकर इसका लाभ उठाएं, ताकि उन्हें पुराने बिजली बिलों के बोझ से राहत मिल सके।
यह भी देखें हवा में उड़ेगी और बैकफ्लिप करेगी टेस्ला की नई रोडस्टर कार, स्पेसएक्स तकनीक से है लैस

