Narnaul: आमजन की शिकायतों की सुनवाई को सरल, सुलभ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के निर्देशानुसार महेंद्रगढ़ पुलिस ने जनसुविधा और जवाबदेही की दिशा में नई पहल शुरू की है। इसके तहत बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों एवं दिव्यांगजनों की शिकायत पुलिस उनके घर पहुंचकर प्राप्त करेगी।
अन्य नागरिक भी ईमेल, व्हाट्सएप और फोन के माध्यम से अपनी बात पुलिस तक पहुंचा सकेंगे। साथ ही, शिकायत पर सुनवाई नहीं होने अथवा कार्रवाई में अनावश्यक देरी की जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय को व्हाट्सएप पर दी जा सकेगी, ताकि संबंधित शिकायत का फॉलोअप किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रत्येक जरूरतमंद की बात पुलिस तक आसानी से पहुंचे और उसे शिकायत देने अथवा उसकी प्रगति जानने के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े, यही इस पहल का उद्देश्य है। उम्र, शारीरिक असमर्थता अथवा आवागमन की कठिनाई पुलिस सहायता प्राप्त करने में बाधा नहीं बननी चाहिए। शिकायत प्राप्त करने के साथ उस पर नियमानुसार कार्रवाई और संबंधित स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करना भी आवश्यक है।
जरूरतमंद के घर पहुंचेगी पुलिस, सुनेगी समस्या और प्राप्त करेगी शिकायत
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, बच्चे एवं दिव्यांगजन अपनी शिकायत देने के लिए घर पर पुलिस सहायता प्राप्त करने हेतु डायल 112 पर सूचना दे सकते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम उनके घर पहुंचकर समस्या सुनेगी और शिकायत प्राप्त करेगी। शिकायत पर संबंधित थाना अथवा शाखा द्वारा मामले की प्रकृति एवं तथ्यों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सूचना देते समय अपना नाम, पूरा पता, संपर्क नंबर और समस्या का संक्षिप्त विवरण बताएं, ताकि पुलिस टीम को संबंधित स्थान तक पहुंचने और सहायता उपलब्ध कराने में सुविधा हो। किसी आपातकालीन स्थिति अथवा तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता होने पर भी नागरिक डायल 112 पर संपर्क करें।
ईमेल, व्हाट्सएप और फोन से भी पहुंचाएं अपनी शिकायत
नागरिक स्वयं पुलिस कार्यालय आए बिना निम्नलिखित माध्यमों से अपनी शिकायत अथवा समस्या पुलिस तक पहुंचा सकते हैं:
– ईमेल: अपनी शिकायत spnrl@hry.nic.in पर भेजें।
– व्हाट्सएप: मोबाइल नंबर 7027792100 (पुलिस अधीक्षक नारनौल) पर अपनी शिकायत भेज सकते हैं।
– शिकायत शाखा का दूरभाष नंबर: 01282-251022 पर फोन करके अपनी शिकायत अथवा समस्या बता सकते हैं।
– शिकायत शाखा का व्हाट्सएप नंबर: 9466020564 पर अपनी शिकायत तथा संबंधित दस्तावेज भेज सकते हैं।
ईमेल अथवा व्हाट्सएप से शिकायत भेजते समय अपना नाम, पूरा पता, संपर्क नंबर और घटना या समस्या का स्पष्ट विवरण अवश्य लिखें। संबंधित आवश्यक दस्तावेज तथा उपलब्ध साक्ष्य भी संलग्न करें। यदि उसी मामले में पहले शिकायत दी गई है, तो उसका संदर्भ अथवा शिकायत संख्या उपलब्ध होने पर उल्लेख करें। इन माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर भी व्यक्तिगत रूप से दी गई शिकायतों की तरह नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
सुनवाई नहीं हो रही या कार्रवाई में अनावश्यक देरी है तो एसपी कार्यालय को व्हाट्सएप पर दें जानकारी
पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार ने बताया कि यदि किसी नागरिक की शिकायत पर सुनवाई नहीं हो रही है अथवा कार्रवाई में अनावश्यक देरी हो रही है, तो वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय के व्हाट्सएप नंबर 7027792100 पर इसकी जानकारी साझा कर सकता है।
ऐसी सूचना भेजते समय शिकायतकर्ता अपना नाम, संपर्क नंबर, संबंधित थाना या चौकी, शिकायत देने की तारीख तथा शिकायत संख्या, यदि उपलब्ध हो, का उल्लेख करें। पूर्व में दी गई शिकायत की प्रति और सुनवाई न होने अथवा देरी का संक्षिप्त विवरण भी भेजें, ताकि संबंधित शिकायत का फॉलोअप कर कार्रवाई की स्थिति की समीक्षा की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी पुलिस कर्मचारी द्वारा शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई न करने अथवा कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने की बात जांच में प्रमाणित होने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य शिकायतों पर प्रभावी सुनवाई के साथ पुलिस कार्यप्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
जांच की प्रगति जानने के लिए संबंधित जांच अधिकारी से करें संपर्क
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिन शिकायतों अथवा मामलों की जांच पहले से चल रही है, उनमें शिकायतकर्ता प्रगति की जानकारी के लिए संबंधित जांच अधिकारी से फोन पर संपर्क कर सकते हैं। अतिरिक्त जानकारी अथवा दस्तावेज उपलब्ध कराने के संबंध में भी अधिकारी से मार्गदर्शन लिया जा सकता है। इससे केवल प्रगति जानने के लिए बार-बार थाने अथवा पुलिस कार्यालय आने में लगने वाले समय और आवागमन की परेशानी को कम किया जा सकेगा।
जहां जांच के दौरान शिकायतकर्ता की व्यक्तिगत उपस्थिति, बयान दर्ज करने अथवा दस्तावेज के सत्यापन की आवश्यकता होगी, वहां संबंधित पुलिस अधिकारी द्वारा सूचित किया जाएगा। ऐसी स्थिति में नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच में सहयोग करें।
जनसहयोग से प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचे सुविधा की जानकारी
पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार ने आमजन से अपील की कि इस पहल और संपर्क नंबरों की जानकारी अपने परिवार, पड़ोस तथा गांव के लोगों तक पहुंचाएं। विशेष रूप से अकेले रहने वाले बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और ऐसे व्यक्तियों को इसके बारे में बताएं, जिन्हें पुलिस तक अपनी बात पहुंचाने में कठिनाई होती है। नागरिक सही, स्पष्ट एवं तथ्यपूर्ण जानकारी देकर पुलिस का सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि आमजन का समय बचाना, उनकी परेशानी कम करना और प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करना महेंद्रगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। इस पहल के माध्यम से पुलिस सहायता को अधिक सुलभ बनाने तथा जनता और पुलिस के बीच विश्वास मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

