Narnaul: जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शहर में काटे 15 अवैध कनेक्शन

Narnaul: जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा नारनौल शहर में जल संरक्षण एवं पानी-सीवर कनेक्शनों को वैध करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभाग की टीमें घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं तथा उपभोक्ताओं को अपने पानी एवं सीवर कनेक्शन वैध करवाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। वहीं, जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन अवैध पाए जा रहे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कनेक्शन काटे जा रहे हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा नारनौल शहर में पानी एवं सीवर के कनेक्शनों को वैध करने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की टीमें एक ओर उपभोक्ताओं को कनेक्शन वैध करवाने के लिए सुविधा प्रदान कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर अवैध कनेक्शनों की पहचान कर उन्हें काटने की कार्रवाई भी लगातार जारी है।
उन्होंने बताया कि आज व शनिवार को विभाग की कनेक्शन काटने वाली टीम ने भूप कॉलोनी, मोती नगर, वृन्दावन कॉलोनी एवं शिव कॉलोनी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 15 अवैध कनेक्शन काटे। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने पानी एवं सीवर कनेक्शन वैध नहीं करवाए हैं, उनके कनेक्शन सर्वे के दौरान चिन्हित किए जा रहे हैं और नियमानुसार उन्हें काटने की कार्रवाई की जाएगी।
घर-घर पहुंच रही विभाग की टीम
कार्यकारी अभियंता ने बताया कि जो उपभोक्ता अपने कनेक्शन वैध करवाना चाहते हैं, उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। विभाग की टीमें घर-घर जाकर उपभोक्ताओं की फाइल तैयार कर रही हैं, ताकि कनेक्शन वैध करवाने की प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में विभाग द्वारा कनेक्शन वैध करने के लिए किसी प्रकार की फीस नहीं ली जा रही है। रोड कट चार्ज भी विभाग द्वारा माफ किया गया है। ऐसे में उपभोक्ताओं के पास अपने अवैध कनेक्शन को वैध करवाने का यह बेहद अच्छा अवसर है।
अब तक 538 कनेक्शन वैध
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के दौरान अब तक नारनौल शहर में पानी के 200 तथा सीवर के 338 कनेक्शन वैध किए जा चुके हैं। इसके बावजूद शहर में लगभग 15,000 पानी एवं सीवर कनेक्शन अभी भी अवैध चल रहे हैं। विभाग द्वारा प्रत्येक माह लगभग 2,500 से 3,000 कनेक्शन वैध करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कनेक्शन वैध करने के साथ-साथ अवैध कनेक्शनों के विरुद्ध काटने की कार्रवाई भी लगातार जारी रहेगी।
निशुल्क वैध करवाएं कनेक्शन
कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि विभाग द्वारा कनेक्शन वैध करने के लिए कोई फीस नहीं ली जा रही है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को न तो स्वयं नई फाइल लेकर विभाग के कार्यालय में आने की आवश्यकता है और न ही किसी प्रकार का शुल्क वहन करना है। विभाग की टीम स्वयं घर-घर पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रही है।
उन्होंने कहा कि निशुल्क उपभोक्ता अपने पानी एवं सीवर कनेक्शन को वैध करवा सकते हैं। इसलिए सभी उपभोक्ताओं को चाहिए कि वे बिना देरी किए अपने कनेक्शन वैध करवाएं और विभाग के इस अभियान में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि जो उपभोक्ता निर्धारित प्रक्रिया के बावजूद अपने अवैध कनेक्शन वैध नहीं करवाएंगे, उनके कनेक्शन विभागीय टीमों द्वारा चिन्हित कर काट दिए जाएंगे।
