Narnaul: नारनौल की अनाज मंडी स्थित श्री कृष्णा ड्रामेटिक क्लब के रंगमंच पर भगवान नारायण सेवा संस्था द्वारा आयोजित भगवान श्रीराम की रामलीला के दसवें दिन शबरी मिलन, सुग्रीव मित्रता एवं बाली वध की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। मंच संचालन भारत भूषण तायल एवं रतनलाल भास्कर ने किया। रामलीला का शुभारंभ प्रमुख समाजसेवी आयुष मित्तल पुत्र मुकेश मित्तल ने भगवान गणेश का पूजन कर किया। रामलीला कमेटी के प्रधान मोनू भाटा एवं मनोज निर्मल ने बताया कि रामलीला के प्रत्येक प्रसंग को कलाकारों द्वारा पूरी श्रद्धा और मेहनत के साथ प्रस्तुत किया जा रहा है।
रामलीला के प्रवक्ता सुरेन्द्र जैन ने बताया कि मंचन के दौरान दिखाया गया कि वनवास के दौरान भगवान श्रीराम और लक्ष्मण आगे बढ़ते हुए शबरी की कुटिया में पहुंचते हैं। शबरी भगवान श्रीराम का श्रद्धापूर्वक स्वागत करती हैं और उनके चरणों में बेर अर्पित करती हैं। इसके बाद श्रीराम और लक्ष्मण आगे की यात्रा पर निकलते हैं, वहीं दूसरी ओर सुग्रीव को दो पुरुष अपनी ओर आते देख हनुमानजी से उनका पता लगाने के लिए कहते हैं। हनुमानजी दोनों भाइयों को सुग्रीव के पास लेकर आते हैं और श्रीराम एवं सुग्रीव की मित्रता करवाते हैं।
श्रीराम के पूछने पर सुग्रीव अपने भाई बाली द्वारा किए गए अन्याय की पूरी कहानी बताते हैं। इसके बाद श्रीराम सुग्रीव को बाली को युद्ध के लिए ललकारने के लिए कहते हैं। सुग्रीव और बाली के बीच भीषण युद्ध होता है। श्रीराम अपने वचन के अनुसार बाली पर बाण चलाते हैं, जिससे बाली धराशायी हो जाता है। मृत्यु के समय बाली अपने पुत्र अंगद का हाथ श्रीराम के हाथों में सौंपते हुए अपने प्राण त्याग देता है।
राम की भूमिका में नवीन सिंघल, लक्ष्मण की भूमिका में मनोज निर्मल, हनुमान की भूमिका में शुभम सोनी, सुग्रीव की भूमिका में कानिश कोहली, बाली की भूमिका में दीपक कोहली, तारा की भूमिका में अभिषेक सोनी तथा जामवंत की भूमिका में प्रियांशु ने शानदार अभिनय किया।इस अवसर पर विजय जैन, भगवानदास सैनी, प्रेम गुलाटी, दास महेंद्र निजामपुर, विकास कटारिया, सत्यनारायण भगत, रतनलाल, जोगिंदर, जगदीश बिल्ला, मुकेश शर्मा, बिशन सैनी, रामकिशोर अग्रवाल, विकास, रोणी बाजवा, अनूप भाटा,वीरेंद्र साउंड, हरप्रसाद, सीताराम मास्टर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह भी देखें Narnaul: नारनौल (नांगल काठा) के हर्षित दहिया बने कर्नाटक राज्यपाल डॉ सुधा यादव के ओएसडी

