Narnaul:
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बुधवार को पुलिस लाइन नारनौल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 22 पुलिसकर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस महानिदेशक, हरियाणा के कार्यालय से प्राप्त निर्देशों की अनुपालना में इस शिविर का आयोजन किया गया। पुलिसकर्मियों ने रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता के लिए अपना योगदान दिया। यह आयोजन समाज सेवा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
डीएसपी डॉ. कविता ने रक्तदाताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का अनमोल कार्य है। दान किया गया रक्त किसी जरूरतमंद के बहुमूल्य जीवन को बचाने में सहायक हो सकता है। पुलिसकर्मी कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे कार्य समाज में मानवता, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। दूसरों के जीवन की रक्षा के लिए आगे आना सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण है। स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले सभी पुलिसकर्मी सराहना के पात्र हैं और उनका यह योगदान अन्य लोगों को भी जनसेवा के लिए प्रेरित करेगा।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में स्वेच्छा से भाग लें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। आपका यह योगदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति और उसके परिवार के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है।

