September 29, 2026

न्यू चंडीगढ़ में पेट्रोल पंप पर हंगामा, कर्मचारी से मारपीट कर मोबाइल छीनकर फरार हुए आरोपी

0
न्यू चंडीगढ़ में पेट्रोल पंप पर हंगामा, कर्मचारी से मारपीट कर मोबाइल छीनकर फरार हुए आरोपी

न्यू चंडीगढ़ में पेट्रोल पंप कर्मचारी से मारपीट

New Chandigarh News: पीआर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर दो गाड़ियों में आए युवकों ने कर्मचारी के साथ मारपीट की। पेट्रोल पंप प्रबंधन का आरोप है कि युवकों ने कर्मचारी को जबरन गाड़ी में धकेलकर अगवा करने की कोशिश की। आरोपी उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। कर्मचारी ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

पेट्रोल पंप कर्मचारी रोहित के मुताबिक, आरोपी रात के समय पेट्रोल डलवाने आए थे। इस दौरान गाड़ी आगे करने की बात को लेकर उनका विवाद हो गया। युवकों ने कथित तौर पर गाली-गलौज की। उस समय पेट्रोल पंप के प्रबंधक ने बीच-बचाव कर युवकों को वहां से भेज दिया था। रोहित ने बताया कि उसने भी युवकों को समझाने की कोशिश की थी। उसने उनसे कहा था कि वे स्थानीय लोग हैं और इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए। हालांकि, रात को हुआ विवाद अगले दिन फिर बढ़ गया।

 

 

सुबह साथियों के साथ लौटे युवक, कर्मचारी से की मारपीट

रोहित के अनुसार, आरोपी सुबह दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचे। इस बार उनके साथ अन्य युवक भी थे। आरोप है कि तीन से चार युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। रोहित ने बताया कि युवक नशे में थे और उन्होंने उसका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। कर्मचारी का आरोप है कि युवकों ने उसे जबरन गाड़ी में धकेलने का प्रयास किया। वे उसका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने उससे नकदी छीनने की भी कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह उनके चंगुल से निकलकर भागने में कामयाब रहा।

पेट्रोल पंप मालिक के भाई ने बताया कि घटना के समय दो गाड़ियों में करीब पांच युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। उनके मुताबिक, युवकों ने कर्मचारी के साथ मारपीट की और उसे अगवा करने की कोशिश की। पूरी घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। प्रबंधन ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों के बयान के आधार पर घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed