Pehowa Congress: पिहोवा कांग्रेस का एक्शन प्लान: गुमथला में विधायक मनदीप चट्ठा ने बीएलए-2 प्रभारियों को सिखाए चुनावी पैंतरे Pehowa Congress: पिहोवा कांग्रेस का एक्शन प्लान: गुमथला में विधायक मनदीप चट्ठा ने बीएलए-2 प्रभारियों को सिखाए चुनावी पैंतरे

Pehowa Congress: पिहोवा (अभिषेक पूर्णिमा): चुनावी सुगबुगाहट के बीच राजनीतिक दलों ने धरातल पर अपनी किलाबंदी तेज कर दी है। इसी सिलसिले में कांग्रेस पार्टी ने अपने सबसे महत्वपूर्ण जमीनी सिपहसालारों को सक्रिय करने के लिए पिहोवा के गांव गुमथला स्थित हरियाली पैलेस में एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। एसआईआर (SIR) के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में हल्के भर से आए बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) और सक्रिय कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर पर पार्टी के गणित को मजबूत करना और मतदाता सूची से जुड़े तकनीकी कामों के प्रति कार्यकर्ताओं को सजग बनाना रहा।

‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ के फार्मूले पर मंथन

शिविर की अगुवाई कर रहे पिहोवा से कांग्रेस विधायक मनदीप सिंह चट्ठा ने कार्यकर्ताओं में नया जोश फूंकते हुए कहा कि कोई भी चुनाव बड़े मंचों से नहीं, बल्कि बूथ की चौखट पर जीता जाता है। उन्होंने कहा, “बीएलए-2 सिर्फ एक पद नहीं है, बल्कि यह बूथ स्तर पर पार्टी और आम जनता के बीच की सबसे मजबूत और भरोसेमंद कड़ी है। हर कार्यकर्ता की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वह यह सुनिश्चित करे कि गांव या वार्ड का कोई भी पात्र नागरिक वोट के अधिकार से वंचित न रहे। फर्जी वोटों को कटवाना और नए मतदाताओं के नाम जुड़वाना ही हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।” विधायक चट्ठा ने साफ किया कि एक सशक्त और मुस्तैद बूथ संगठन ही भविष्य में पार्टी की बड़ी सफलताओं का मुख्य आधार बनेगा।

नए नेतृत्व को कमान; कार्यकर्ताओं में दिखा भारी उत्साह

इस संगठनात्मक बैठक की एक और खास बात रही नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत समारोह। पार्टी आलाकमान द्वारा हाल ही में नियुक्त किए गए ग्रामीण कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सरदार कर्णजीत सिंह चट्ठा और इस्माईलाबाद कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मोहनलाल भांवरा के हरियाली पैलेस पहुंचने पर कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। विधायक मनदीप चट्ठा और उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने दोनों नए ब्लॉक अध्यक्षों को फूल-मालाओं से लाद दिया।

विधायक ने भरोसा जताया कि इन दोनों जमीनी नेताओं के कंधों पर जो नई जिम्मेदारी डाली गई है, उससे न केवल ग्रामीण इलाकों में पार्टी की पकड़ मजबूत होगी, बल्कि दोनों के नेतृत्व में बूथ कमेटियां और अधिक धारदार तरीके से विपक्षी दलों को टक्कर देंगी।

दिग्गजों की मौजूदगी में एकजुटता का प्रदर्शन

प्रशिक्षण शिविर और बैठक के दौरान पिहोवा हल्के के तमाम वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने एक जाजम पर बैठकर एकजुटता का संदेश दिया। इस मौके पर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष जसमेर भटेड़ी, पूर्व शहरी अध्यक्ष राकेश बधवार, पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ नेता गोपाल कौशिक और पूर्व चेयरमैन सुभाष रामगढ़ रोड सहित दर्जनों पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाकर संकल्प लिया कि वे पार्टी की जनहितैषी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएंगे और संगठन को बूथ स्तर पर अभेद्य किला बनाएंगे।

By Jagmarg