Sonipat ATM Loot: सोनीपत के सबसे व्यस्त और पॉश इलाकों में शुमार बस स्टैंड रोड पर बदमाशों ने पुलिस गश्त के दावों की हवा निकाल दी। यहां स्थित इंडसइंड बैंक के एटीएम को निशाना बनाकर चोरों ने 20.17 लाख रुपये की बड़ी डकैती को अंजाम दिया।
वारदात की भनक न तो आसपास के लोगों को लगी और ना ही रात को गश्त करने वाली पीसीआर को। शातिर चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ देर रात गैस कटर से एटीएम मशीन को काटा और उसके भीतर रखे कैश बॉक्स को साफ कर दिया।
सीसीटीवी पर छिड़का स्प्रे, पूरी तैयारी से आए थे शातिर
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में यह साफ हो गया है कि इस वारदात के पीछे किसी पेशेवर और अंतरराज्यीय गिरोह का हाथ हो सकता है। एटीएम केबिन में दाखिल होते ही एक बदमाश ने सबसे पहले वहां लगे सीसीटीवी कैमरे पर ब्लैक स्प्रे छिड़क दिया, ताकि उसकी कोई भी हरकत रिकॉर्ड न हो सके। चोर ने अपने चेहरे को भी कपड़े से पूरी तरह ढक रखा था।
इसके बाद गैस कटर की मदद से बेहद सफाई से मशीन को काटा गया और कुल 20,17,900 रुपये की करेंसी लेकर आरोपी बड़े आराम से फरार हो गए।
सुबह सफाईकर्मी ने देखा तो उड़े होश, जांच में जुटी पुलिस
घटना का खुलासा बुधवार सुबह उस वक्त हुआ जब रोजाना की तरह सफाई कर्मचारी एटीएम बूथ की सफाई करने पहुंचा। केबिन के भीतर कटी हुई मशीन और बिखरा सामान देखकर उसके होश उड़ गए।
उसने तुरंत इसकी जानकारी बैंक और संबंधित एजेंसी को दी। फरीदाबाद की ग्रीनफील्ड कॉलोनी निवासी नितिन गुलेरिया, जो हिताची पेमेंट सर्विसेज के तहत एटीएम रखरखाव देखने वाली सीएसएस कंपनी के ब्रांच मैनेजर हैं, ने तुरंत सोनीपत पहुंचकर सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।
हाईप्रोफाइल चोरी की सूचना मिलते ही एसीपी सिटी-1 अमित धनखड़ और थाना प्रभारी रविंद्र दहिया भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम को बुलाकर मशीन और आसपास से उंगलियों के निशान जुटाए हैं।
साथ ही, ई-साक्ष्य प्रणाली के नियमों के तहत पूरे क्राइम सीन की बारीकी से वीडियोग्राफी कराई गई है। पुलिस अब बस स्टैंड और आसपास की दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों के आने-जाने वाले रूट और उनकी गाड़ियों का सुराग लगाया जा सके।

