Punjab Weather: भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 27 जून के लिए पंजाब और चंडीगढ़ में यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई जिलों में आंधी, गरज-चमक और बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में खड़े होने और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून के पंजाब और चंडीगढ़ में दस्तक देने की संभावना है।
मोहाली, रूपनगर और पठानकोट समेत कई जिलों में असर
चंडीगढ़ के अलावा मोहाली, रूपनगर, होशियारपुर, नवांशहर और पठानकोट समेत कई इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और नमी बढ़ने के कारण हो रहा है, जिससे लोगों को अस्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
गर्मी और उमस के बीच बिजली की मांग लगातार ऊंची बनी हुई है। शनिवार सुबह करीब पौने आठ बजे बिजली की मांग 15,412 मेगावाट तक पहुंच गई। इसमें से 10,560 मेगावाट बिजली केंद्रीय पूल से ली जा रही है, जबकि 4,856 मेगावाट का उत्पादन पंजाब में हो रहा है। राज्य के सरकारी थर्मल प्लांटों से 1,327 मेगावाट और निजी थर्मल प्लांटों से 2,883 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जा रहा है।
28 से 30 जून तक मौसम सामान्य रहने की संभावना
मौसम विभाग ने 28, 29 और 30 जून के लिए पंजाब और चंडीगढ़ में किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की है। इन दिनों मौसम सामान्य बना रहने की संभावना है। हालांकि कुछ इलाकों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है, लेकिन भारी बारिश या किसी बड़े मौसम बदलाव के संकेत नहीं हैं।
1 और 2 जुलाई को फिर बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार जुलाई की शुरुआत में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। 1 और 2 जुलाई को पंजाब और चंडीगढ़ में आंधी, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, इसलिए दिन के समय गर्मी और उमस बनी रह सकती है। हालांकि जुलाई के पहले सप्ताह में बारिश बढ़ने से मौसम अधिक सुहावना होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें; फर्जी वीडियो विवाद

