Kurukshetra Road Accident: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले से एक बेहद भावुक और विचलित करने वाली खबर सामने आई है। बीते 24 जून की शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हुए बीड़ कालवा गांव के 27 वर्षीय अमित सैनी ने पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान आखिरी सांस ली। अमित की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया है। यह वही सड़क दुर्घटना थी, जिसे देखकर बाबैन से चंडीगढ़ लौट रहे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए न सिर्फ अपना वीआईपी काफिला रुकवाया था, बल्कि खुद गाड़ी से नीचे उतरकर अपने एस्कॉर्ट स्टाफ की एम्बुलेंस से दोनों घायलों को शाहाबाद के अस्पताल पहुंचाया था।
बिना रिफ्लेक्टर खड़ी ट्रॉली बनी काल, हेडलाइट की चकाचौंध में नहीं दिखा मौत का जाल
हादसा 24 जून की रात करीब 8 बजे खरींडवा और डीग गांव के बीच एक टाइल फैक्ट्री के पास हुआ था। अमित सैनी अपने 30 वर्षीय भतीजे रजत कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर शाहाबाद से बाबैन की तरफ आ रहा था। रजत के पिता पवन कुमार ने बताया कि सड़क के ठीक बीचों-बीच एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी, जिस पर न तो कोई पार्किंग लाइट जल रही थी और न ही पीछे कोई रिफ्लेक्टर लगा था। इसी दौरान सामने से आ रहे वाहनों की तेज हेडलाइट के कारण बाइक चला रहे रजत को वह ट्रॉली दिखाई नहीं दी और बाइक सीधे लोहे के उस भारी ढांचे में जा धंसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
गम के पहाड़ के बीच मानवता की मिसाल, रोते हुए परिवार ने दान की अमित की आंखें
अमित मोहड़ी स्थित रिलायंस कंपनी में पिछले एक साल से काम कर रहा था। उसी के साथ उसका भतीजा रजत भी इसी महीने 7 जून को कंपनी में सामान स्कैनिंग की नौकरी पर लगा था। रजत की शादी को अभी महज सात महीने ही हुए थे और वह इस समय आदेश मेडिकल अस्पताल मोहड़ी में गंभीर हालत में भर्ती है। अमित की असमय मौत से जहां एक हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह उजड़ गया, वहीं इस घोर अंधकार के बीच सैनी परिवार ने एक ऐसा फैसला लिया जिसने समाज के सामने नजीर पेश की है। परिजनों ने अमित की आंखें दान करने का निर्णय लिया है, जिससे अब दो जरूरतमंद लोगों के जीवन में दोबारा रोशनी लौट सकेगी।
फरार ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने वाहन को कब्जे में लिया
घटना के संबंध में कार्रवाई करते हुए शाहाबाद थाना पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई पवन कुमार के बयान के आधार पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से बिना लाइट खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली (नंबर HR-92A-8155) को अपने कब्जे में ले लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि हादसा पंजाब-हरियाणा बॉर्डर के इस रूट पर लापरवाही से वाहन खड़ा करने की वजह से हुआ। वारदात के बाद से ही आरोपी चालक मौके से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

