Panchkula Traffic Police Action: डिजिटल दौर में सोशल मीडिया पर रातों-रात मशहूर होने की होड़ युवाओं पर किस कदर हावी है, इसकी एक बानगी पंचकूला में देखने को मिली। सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड में अपनी मॉडिफाइड थार से खतरनाक स्टंटबाजी कर वीडियो बनाने वाले एक चालक के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। सार्वजनिक स्थान पर लापरवाही से वाहन चलाकर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने पर पुलिस ने थार का 22,500 रुपये का चालान काटा और गाड़ी को तुरंत सीज कर थाने भिजवा दिया। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से रील बनाने के खुमार में डूबे युवक का नशा मिनटों में उतर गया।
डीसीपी के निर्देश पर हरकत में आई पुलिस, चालक ने मांगी माफी
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक (IPS) अमरिंदर सिंह ने बताया कि दो-तीन दिन पहले सेक्टर-5 के खुले ग्राउंड में एक युवक द्वारा थार गाड़ी से खतरनाक स्टंट करने की सूचना व वीडियो पुलिस के हाथ लगा था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत थार और उसके चालक की पहचान के लिए जांच तेज कर दी। इसके बाद सिटी ट्रैफिक थाना प्रभारी वरिंद्र कुमार की टीम ने यातायात नियमों के कई गंभीर उल्लंघनों के तहत 22,500 रुपये का चालान किया और गाड़ी को इंपाउंड कर लिया। पुलिस स्टेशन में अपनी थार जब्त होते देख युवक ने अपनी गलती मान ली और भविष्य में ऐसी हरकत न करने का हलफनामा देते हुए दूसरे युवाओं से भी रीलबाजी के चक्कर में जान जोखिम में न डालने की अपील की।
‘रील नहीं, रियल लाइफ के लक्ष्य बनाएं युवा’— पुलिस कमिश्नर
इस पूरी घटना के बाद पंचकूला के पुलिस कमिश्नर (IPS) पंकज नैन ने युवाओं को एक बेहद संजीदा और विचारणीय संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि इंस्टाग्राम या अन्य प्लेटफॉर्म्स पर चंद पलों की वाहवाही पाने के लिए सड़कों और सार्वजनिक मैदानों को स्टंट का अखाड़ा बनाना किसी भी लिहाज से बुद्धिमानी नहीं है। युवाओं को सस्ती लोकप्रियता के पीछे भागने के बजाय अपनी प्रतिभा, पढ़ाई, खेल और कला के क्षेत्र में पहचान बनानी चाहिए। कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि असली सफलता मेहनत और अपने लक्ष्यों को हासिल करने में है, न कि गाड़ियों से खतरनाक स्टंट करने में। पंचकूला पुलिस ने सख्त हिदायत दी है कि ट्रैफिक नियमों से खिलवाड़ करने वालों पर आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी देखें – झोटा के शव के पोस्टमॉर्टम पर विवाद जारी: परिवार के राजी होने की चर्चा, निहंग बोले- प्रक्रिया न हो

