Archana Gupta Panipat Ramlila: पानीपत के एतिहासिक और प्राचीन सिद्ध श्री देवी मंदिर परिसर में विजयादशमी का पर्व बड़ी ही श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। श्री रामलीला कमेटी के 157वें रामलीला कार्यक्रम एवं विजयादशमी समारोह में भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मंदिर परिसर में पहुंचे श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने विजयादशमी की बधाई दी और लगातार 157 सालों से इस परंपरा को जीवंत रखने के लिए कमेटी के पदाधिकारियों की खुले दिल से तारीफ की।
ज्ञान के साथ विनम्रता जरूरी, अहंकार पतन की वजह
मंच से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने रावण के जीवन से मिलने वाली सीख पर गहरा प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रावण कोई साधारण व्यक्ति नहीं था; वह महापंडित और प्रकांड विद्वान था, लेकिन उसका दंभ और अहंकार ही उसके संपूर्ण विनाश का कारण बना। ज्ञान और शक्ति होना अच्छी बात है, मगर जीवन में विनम्रता का होना उससे भी ज्यादा जरूरी है। अगर आचरण से अहंकार दूर न हो, तो वह इंसान की हर एक उपलब्धि को पल भर में राख बना देता है।
157 वर्षों का सफर और श्रीराम के आदर्श
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि पानीपत की यह रामलीला कमेटी देश की सबसे पुरानी कमेटियों में शुमार है। लगातार 157 वर्षों से हर साल दस दिनों तक मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के चरित्र का जीवंत मंचन करना कोई छोटी बात नहीं है। यह मंचन हमारी नई पीढ़ी तक भारतीय संस्कृति, धार्मिक मूल्यों और श्रीराम के उच्च आदर्शों को पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि विजयादशमी के पावन अवसर पर हर व्यक्ति को अपने मन के भीतर छिपे अहंकार और बुराइयों को तिलांजलि देकर सत्य और सदाचार के पथ पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।
आगामी त्योहारों की दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अर्चना गुप्ता ने मां भगवती के चरणों में नमन कर समस्त हरियाणा और देशवासियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की। विजयादशमी के साथ-साथ उन्होंने आने वाले त्योहारों जैसे दीपावली, भैयादूज, करवाचौथ, अहोई अष्टमी और गोवर्धन पूजा की भी अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस आयोजन के अलावा उन्होंने सेक्टर-24 बाईपास पर श्री कृष्णा क्लब और सनौली रोड पर दशहरा कमेटी द्वारा आयोजित विशाल दशहरा मेलों में भी पहुंचकर लोगों के साथ पर्व की खुशियां बांटीं।

