Panipat Crime: उद्योग नगरी पानीपत में साइबर अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा शिकार गंगा राम कॉलोनी में रहने वाला एक गरीब मजदूर बना है। (Panipat Cyber Thana News) दिन-रात पसीना बहाकर पाई-पाई जोड़ने वाले पिंटू विश्वकर्मा के दो अलग-अलग बैंक खातों से शातिर ठगों ने कुल 2 लाख 85 हजार 700 रुपये उड़ा लिए। हैरान करने वाली बात यह है कि इतनी बड़ी रकम साफ हो जाने के बावजूद पीड़ित के मोबाइल पर पैसों की निकासी का एक भी मैसेज तक नहीं आया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पिंटू 28 अगस्त 2026 को अपने खाते की स्थिति जांचने बैंक पहुंचे। पासबुक में एंट्री और स्टेटमेंट देखने पर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। केनरा बैंक और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) स्थित उनके दोनों खातों से कई बार में भारी-भरकम रकम निकाली जा चुकी थी, जबकि उन्होंने हाल-फिलहाल में कोई बड़ा लेनदेन किया ही नहीं था।
केनरा बैंक और PNB से किस्तों में उड़ाई रकम: जानिए पूरी क्रोनोलॉजी
पीड़ित पिंटू विश्वकर्मा द्वारा साइबर थाना पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, ठगों ने बेहद शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। केनरा बैंक के खाते से 23 अगस्त को 25 हजार और 29 हजार रुपये की दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन कर कुल 54 हजार रुपये निकाले गए।
इसके बाद अपराधियों ने उनके पंजाब नेशनल बैंक के खाते को निशाना बनाया। PNB के खाते से 99,800 रुपये और 99,900 रुपये की दो बड़ी डिजिटल निकासी की गई। फिर अगले दिन यानी 24 अगस्त को इसी खाते से 32 हजार रुपये और साफ कर दिए गए। इस तरह दोनों बैंकों से मिलाकर 2,85,700 रुपये का चूना लगा दिया गया। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने किसी अनजान व्यक्ति से न तो अपना पिन शेयर किया था और न ही कोई संदिग्ध लिंक खोला था।
साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज, पुलिस खंगाल रही ट्रांजैक्शन ट्रेल
बैंक खातों में शून्य बैलेंस देखकर बदहवास पिंटू ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (National Cyber Crime Reporting Portal) पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। (Online Bank Fraud Haryana) इसके बाद उन्होंने पानीपत के साइबर अपराध पुलिस थाने पहुंचकर अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपी और आरोपियों को जल्द से जल्द ट्रेस कर अपनी गाढ़ी कमाई वापस दिलाने की गुहार लगाई।
साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की एक विशेष टीम संबंधित बैंकों से ट्रांजैक्शन की विस्तृत डिटेल और आईपी एड्रेस खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पैसा किस वॉलेट या मर्चेंट अकाउंट में ट्रांसफर किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही ठगों का सुराग लगा लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें–Jhajjar News: झज्जर में भीमेश्वरी मंदिर के पास गंदगी पर भड़के लोग, पालिका गेट पर पलटी कचरे से भरी ट्रॉली

