Panipat Crime News: समालखा में स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को मारी टक्कर, पैर टूटा, चालक फरार
समालखा में स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को मारी टक्कर, पैर टूटा, चालक फरार
Panipat Crime News: जीटी रोड से सटे पानीपत जिले के समालखा क्षेत्र में तेज रफ्तार गाड़ियों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गांव करहंस के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार काले रंग की स्कॉर्पियो क्लासिक ने बाइक सवार युवक को सीधी टक्कर मार दी।
(Samalkha Police Station) इस भीषण हादसे में युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके पैर में कई जगह फ्रैक्चर आया है। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक गाड़ी समेत मौके से चंपत हो गया। समालखा थाना पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पिता के आंखों के सामने हवा में उछला बेटा, स्कॉर्पियो चालक फरार
पुलिस को दी शिकायत में गांव करहंस निवासी जगबीर ने बताया कि बीती 2 अक्टूबर की दोपहर करीब 12:53 बजे उनका 24 वर्षीय बेटा केशव अपनी मोटरसाइकिल पर पानीपत से वापस गांव लौट रहा था। जगबीर भी अपनी दूसरी बाइक से बेटे के कुछ पीछे-पीछे ही आ रहे थे।
जैसे ही केशव गांव करहंस के समीप पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार काले रंग की स्कॉर्पियो के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उसकी बाइक में सीधी टक्कर दे मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि केशव उछलकर सड़क पर जा गिरा और उसकी बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई। बेटा आंखों के सामने लहूलुहान पड़ा रहा और आरोपी चालक रुकने के बजाय तेज रफ्तार में गाड़ी भगा ले गया।
अस्पताल में कराया भर्ती, एक्स-रे में निकला फ्रैक्चर
हादसे के तुरंत बाद पिता जगबीर ने राहगीरों की मदद से लहूलुहान बेटे को सिविल अस्पताल समालखा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी मेडिकल लीगल रिपोर्ट (MLR) काटी। (Scorpio Bike Collision Panipat) चोटों की गंभीरता और असहनीय दर्द को देखते हुए परिजन उसे निजी अमृत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने एक्स-रे करने के बाद उसके पैर में फ्रैक्चर होने की पुष्टि की। फिलहाल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पहले फैसले के लिए बुलाया, फिर बोले- ‘जो कर सकते हो कर लो’
पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया कि उन्होंने जब अपने स्तर पर पड़ताल की, तो सामने आया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाली स्कॉर्पियो गाड़ी गांव के ही अनिल के पिल्लूखेड़ा निवासी किसी रिश्तेदार से जुड़ी है। शुरुआत में जब उनसे बात की गई, तो अनिल ने पंचायत में आपसी सहमति से मामला सुलझाने का आश्वासन दिया और 3 अक्टूबर को मिलने की बात तय हुई।
लेकिन जब पीड़ित परिवार अस्पताल से समय निकालकर बातचीत के लिए पहुंचा, तो आरोपी पक्ष के तेवर बदल गए। अनिल ने साफ कह दिया कि ‘हम कोई समझौता नहीं करेंगे, तुम्हें जो करना है कर लो।’ (Panipat Road Accident) इसके बाद पीड़ित पिता ने समालखा थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी आपबीती बताई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
