Panipat IT Raid: हरियाणा के पानीपत जिले में सोमवार की सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई जब मॉडल टाउन स्थित एक प्रमुख दवा कारोबारी के कार्यालय पर इनकम टैक्स विभाग की टीमों ने अचानक छापेमारी कर दी।
कारोबारी परिवार अभी नींद से जागा भी नहीं था कि सुबह करीब 6 बजे दिल्ली और पंजाब से आई आयकर विभाग की संयुक्त टीमों ने कार्यालय को अपने घेरे में ले लिया। अचानक हुई इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई से स्थानीय बाजार और दवा कारोबारियों के गलियारों में सनसनी फैल गई है। टीम के सदस्य दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहन पड़ताल में जुटे हुए हैं।
अस्पतालों को दवा सप्लाई करने वाली फर्मों पर आयकर की नजर
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई अनिल भाटिया और अश्वनी भाटिया से जुड़ी फर्मों ‘प्लस डिस्ट्रीब्यूशन’ और ‘प्लस डिस्ट्रीब्यूशन प्राइवेट लिमिटेड’ के ठिकानों पर की जा रही है। यह फर्म्स विभिन्न बड़े अस्पतालों को थोक में दवाएं सप्लाई करने का काम करती हैं। कारोबारी परिवार का मुख्य निवास पानीपत के पॉश यमुना एन्क्लेव क्षेत्र में बताया गया है, जबकि जीटी रोड पर हन्नू स्वीट्स के पीछे इनका बड़ा वेयरहाउस स्थित है।
इसके अलावा, सुखदेव नगर स्थित सचदेवा शॉप और करनाल में कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के पास स्थित ’24×7′ दवा की दुकान से भी इनके व्यापारिक संबंध होने की जानकारी सामने आ रही है।
बड़े अस्पतालों के पैनल और सप्लाई नेटवर्क की चर्चा
सूत्रों के अनुसार, इस दवा वितरण नेटवर्क के तार पानीपत से बाहर गुरुग्राम और करनाल के कई प्रतिष्ठित अस्पतालों से जुड़े बताए जा रहे हैं, जिनमें पार्क अस्पताल और मेट्रो अस्पताल जैसे बड़े नाम शामिल हैं। हालांकि, केवल सप्लाई संबंध होने से किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता की पुष्टि नहीं होती है।
आयकर विभाग की टीम इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि इन तमाम व्यावसायिक लेन-देन और टैक्स अनुपालन में किस तरह के दस्तावेज और रिकॉर्ड दर्ज हैं। विभाग की ओर से आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही इस पूरी छापेमारी के वास्तविक कारणों और निष्कर्षों की सही तस्वीर साफ हो सकेगी।
यह भी पढ़ें–Faridabad News: पल्ला इलाके में चलती ब्रेजा कार में लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

